
हादसा के बाद जानकारी देती पुलिस अधिकारी फोटो सोर्स विभाग
उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में बुधवार रात एक भीषण सड़क हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। ब्रेक फेल होने से बेकाबू हुए ट्रक ने कई वाहनों को टक्कर मार दी। जिससे घटनास्थल पर ही 11 लोगों की मौत हो गई। सबसे दर्दनाक मंजर तब सामने आया। जब बोलेरो में आग लगने से उसमें सवार 8 लोग जिंदा जल गए। हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा है।
मिर्जापुर-रीवा राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार रात करीब साढ़े 9 बजे एक भयावह सड़क हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार, मध्य प्रदेश से चना लादकर आ रहा एक ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया। बताया जा रहा है कि ट्रक के ब्रेक फेल हो गए थे। जिसके कारण चालक उस पर नियंत्रण नहीं रख सका। बेकाबू ट्रक ने पहले एक स्विफ्ट कार को जोरदार टक्कर मारी। इसके बाद वह आगे चल रहे एक अन्य ट्रक से जा भिड़ा। टक्कर इतनी तेज थी कि स्विफ्ट कार दोनों ट्रकों के बीच बुरी तरह फंस गई। इसी दौरान पीछे से आ रही एक बोलेरो भी नियंत्रण खो बैठी और ट्रक में जा घुसी।
इस टक्कर के बाद बोलेरो में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि उसमें सवार लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। देखते ही देखते बोलेरो आग का गोला बन गई और उसमें बैठे 8 लोग जिंदा जल गए। यह दृश्य बेहद दर्दनाक था। जिसे देखकर मौके पर मौजूद लोगों की रूह कांप उठी।
इस हादसे में स्विफ्ट कार के चालक, ट्रक चालक और क्लीनर की भी मौत हो गई। वहीं एक अन्य घायल ट्रक चालक को अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि बोलेरो में सवार सभी लोग प्रयागराज के मांडा क्षेत्र के हाटा गांव के रहने वाले थे। वे मैहर धाम से दर्शन कर वापस लौट रहे थे, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। स्थानीय लोग भी मदद के लिए आगे आए। लेकिन आग इतनी भीषण थी कि किसी को बचाया नहीं जा सका। फिलहाल पुलिस मृतकों की पहचान करने में जुटी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। इस हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है।
मीरजापुर पुलिस के अनुसार ड्रमण्डगंज थाना क्षेत्र के बड़का घुमान, भैसोड़ बलाय पहाड़ के पास भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से अल्टो कार, बोलेरो और ट्रेलर को टक्कर मार दी। जिससे अल्टो और बोलेरो में आग लग गई। सूचना मिलते ही पुलिस व फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। हादसे में अब तक 11 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। मृतकों की पहचान की जा रही है। मौके पर पुलिस बल तैनात है। मामले में विधिक कार्रवाई जारी है।
Updated on:
23 Apr 2026 08:26 am
Published on:
23 Apr 2026 08:25 am
बड़ी खबरें
View Allमिर्जापुर
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
