कहा, 2014 के चुनाव में भाजपा के पक्ष में एक हवा चली थी
मिर्ज़ापुर. कांग्रेस के उम्मीदवार ललितेशपति त्रिपाठी ने मिर्जापुर संसदीय सीट से शुक्रवार को नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन के बाद एक रोड शो कर ललितेश त्रिपाठी ने जनता का अभिवादन स्वीकार कर लोगों से जीत का आशीर्वाद मांगा। वहीं मीडिया से बात करते हुए कांग्रेस नेता ने कहा कि 2014 के चुनाव में भाजपा के पक्ष में एक हवा चली थी। इसलिए हमें जनता का समर्थन कम मिला था। कहा कि यहां कि जनता ने पांच साल में जो परेशानियां झेली हैं वो किसी से छिपी नहीं हैं यहां के प्रतिनिधि कभी भी जनता के दुख दर्द को समझने का काम नहीं किया। इसलिए अब लोग भाजपा के शासनकाल से त्रस्त आ चुके हैं। मैं पूरे दावे के साथ कह सकता हूं कि कांग्रेस को इस बार भारी जनसमर्थन मिलने जा रहा है। वहीं वाराणसी से अजय राय को कांग्रेस का प्रत्याशी बनाए जाने के पर ललितेश ने कहा कि पीएम मोदी के खिलाफ उनसे बेहतर उम्मीदवार कोई और नहीं हो सकता था।