ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र में हुए एक भीषण सड़क दुर्घटना में एक ट्रक के चालक और खलासी की मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि दो ट्रकों में जोरदार टक्कर हुई, जिसके बाद यह हादसा हुआ...
मिर्जापुर: ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र में हुए एक भीषण सड़क दुर्घटना में एक ट्रक के चालक और खलासी की मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि दो ट्रकों में जोरदार टक्कर हुई, जिसके बाद यह हादसा हुआ। टक्कर के बाद एक ट्रक का ड्राइवर मौके से फरार हो गया है। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को ट्रक के केबिन को काटकर बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के मुताबिक, रीवा-मिर्जापुर हाईवे पर एक ट्रक मध्य प्रदेश की तरफ से मिर्जापुर की तरफ बढ़ रहा था, जबकि दूसरा ट्रक मिर्जापुर से मध्य प्रदेश की तरफ बढ़ रहा था। इसी दौरान दोनों के बीच भीषण टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक का केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और एक ट्रक के चालक और खलासी उसी में फंस गए। बताया जा रहा है कि यह हादसा बड़का गुमान मोड़ के पास हुआ। इसके बाद दूसरे ट्रक का चालक मौके से भाग निकला।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि आसपास के लोग इसे देखकर सहम गए और अफरा तफरी का माहौल हो गया। स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत और बचाव कार्य शुरू किया। इसी बीच सूचना मिलने के बाद स्थानीय थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने देखा कि ट्रक चालक और खलासी केबिन में फंस गए हैं, जिसके बाद मौके पर गैस कटर मंगाया गया और केबिन को काटकर दोनों को बाहर निकल गया।
पुलिस के मुताबिक, दोनों को अस्पताल भिजवाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया है कि दोनों मृतकों के पास से किसी तरह का दस्तावेज बरामद नहीं हुआ है और इसीलिए शव की पहचान नहीं हो पा रही है। पुलिस ने बताया कि इस मामले में ट्रक के मालिक से संपर्क करने की कोशिश की जा रही है, उसके बाद ही पता चल सकेगा कि दोनों मृतकों का नाम क्या है और यह कहां के रहने वाले थे।
थाना अध्यक्ष भारत सुमन ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला लापरवाही पूर्वक वाहन चलाने का लग रहा है। ऐसा प्रतीत हो रहा है कि मोड़ के पास दोनों ट्रकों की रफ्तार तेज थी, इसी वजह से टक्कर होने के बाद दोनों के केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। उन्होंने बताया कि फिलहाल एक ट्रक का चालक मौके से फरार हो गया है और उसकी तलाश की जा रही है।