
पकड़ी गई डीसीएम, इनसेट में मृतकों की फाइल फोटो (सोर्स- पत्रिका)
Accident In Mirzapur : मिर्जापुर के पड़री थाना क्षेत्र में एक अज्ञात डीसीएम ने बाइक सवार तीन लोगों को टक्कर मार दी जिसके कारण बाइक पर सवार 3 वर्षीय बच्ची और 22 वर्षीय युवती की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, बाइक सवार एक अन्य शख्स को गंभीर रूप से घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, दुर्घटना के बाद डीसीएम चालक मौके पर वाहन छोड़कर फरार हो गया। घटना की जानकारी के बाद मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
जानकारी के मुताबिक, गुरुवार के दोपहर पड़री थाना क्षेत्र के डगमगपुर चौराहे के पास देहात कोतवाली थाना क्षेत्र के लच्छा पट्टी गांव निवासी भोलानाथ अपनी 22 वर्षीय भतीजी संगीता और 3 वर्षीय भतीजी अमृता के साथ बाइक से सकतेशगढ़ से घर लौट रही थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जैसे ही तीनों डगमगपुर चौराहे के पास पहुंचे, चुनार की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार डीसीएम ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि अमृता की तबियत ख़राब थी और तीनों दवा लेने के लिए निकले थे।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर लगने के बाद तीनों ही सड़क पर गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तीनों को चुनार स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं, डॉक्टरों ने जांच के दौरान 3 वर्षीय अमृता और 22 वर्षीय संगीता को मृत घोषित कर दिया, जबकि भोलानाथ की स्थिति गंभीर है और गंभीर स्थिति में उनका इलाज किया जा रहा है। डॉक्टरों की मानें तो उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
घटना की जानकारी होने के बाद पड़री थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त बाइक और डीसीएम को कब्जे में ले लिया। वहीं, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस ने इस बाबत स्थानीय लोगों से जानकारी जुटा ली है और पीड़ित के परिजनों को पूरे मामले से अवगत करा दिया है। थाना अध्यक्ष प्रदीप सिंह ने बताया कि फिलहाल डीसीएम चालक मौके से फरार हो गया है। सीसीटीवी के माध्यम से उसकी तलाश की जा रही है। उन्होंने बताया कि परिजनों द्वारा लिखित रूप से तहरीर मिली है जिसके बाद डीसीएम चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा।
Updated on:
25 Jun 2026 06:09 pm
Published on:
25 Jun 2026 06:09 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
