
Pc- Ashish Paswan X post
Stone Pleting On Police In Mirzapur : मिर्जापुर के अहरौरा थाना क्षेत्र में गुरुवार की सुबह टायर फटने के बाद अनियंत्रित हुए ट्रक ने एक मकान में टक्कर मार दी, जिसके बाद इस हादसे में तीन लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल दो लोगों को इलाज के लिए वाराणसी रेफर किया गया है। घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया और प्रदर्शन करने लगे। वहीं, मौके पर पहुंची पुलिस के साथ ग्रामीणों की झड़प हो गई। आरोप है कि पुलिस कर्मियों ने प्रदर्शन कर रहे एक युवक की पिटाई कर दी, जिसके बाद माहौल गर्म हो गया। वहीं, पुलिस की कई गाड़ियों में ग्रामीणों ने तोड़फोड़ भी की है।
दरअसल, अहरौरा के ग्राम कुदारन चौराहे के पास एक ट्रक का टायर फट गया, जिसके बाद ट्रक पास ही बने एक मकान में जा घुसा। इस मकान में सो रहे राजा राम (47) सुखिया (70) चांद तारा (45) की ट्रक की चपेट में आने से घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, सुहानी (12) सुनील शर्मा (45) इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल भेजा गया। वहीं, डॉक्टरों ने गंभीरता को देखते हुए दोनों घायलों को वाराणसी के ट्रॉमा सेंटर के लिए रेफर कर दिया।
ग्रामीणों को इस बात की जानकारी होने के बाद लोग प्रदर्शन करने लगे और वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग को जाम कर दिया। वहीं, मामले को संभालने के लिए पहुंची पुलिस फोर्स के साथ ग्रामीणों की पहले कहासुनी हुई और देखते ही देखते मामले में तूल पकड़ लिया। ग्रामीणों का आरोप है कि इस दौरान पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। इसके बाद गुसाई भीड़ ने पुलिस कर्मियों पर पथराव कर दिया। बताया जा रहा है कि पत्थराव की इस घटना में कई पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। वहीं, मौके पर जिले के बड़े अधिकारी पुलिस बल के साथ पहुंचे हुए हैं और मामले को संभाल जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि परिजनों को बिना सूचना दिए पुलिस ने तीनों मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मामले पर जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन राजकुमार मीणा ने बताया है कि प्रदर्शन की सूचना मिलने के बाद स्थानीय थाने की फोर्स घटनास्थल पर पहुंची थी और लोगों को समझाने बुझाने का प्रयास कर रही थी। इसी दौरान भीड़ उग्र हो गई और पुलिसकर्मियों के साथ उनकी धक्का मुक्ति होने लगी। उन्होंने बताया कि कई थानों की फोर्स को भी मौके पर भेजा गया, जिसके बाद ग्रामीण उग्र हो गए और ग्रामीणों को हटाने के लिए पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया, जिसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस टीम पर पथराव कर दिया है। उन्होंने बताया है कि मौके पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए कई थानों की फोर्स को बुलाया गया है। मृतक के परिजनों से बातचीत करके मामले का हल निकाला जा रहा है।
Updated on:
16 Jul 2026 12:17 pm
Published on:
16 Jul 2026 12:17 pm
