
dead body (Demo pic)
Mirzapur Crime News: मिर्जापुर के मड़िहान थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां पति पर दूसरी शादी करने के शक और पारिवारिक विवाद में एक महिला ने अपने तीन बच्चों को कथित तौर पर जहरीला पदार्थ पिला दिया। इसके बाद उसने खुद भी जहर खा लिया है। बताया जा रहा है कि इस घटना में महिला और उसकी 10 वर्षीय बेटी की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि गंभीर हालत में दो बच्चों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। फिलहाल, पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, परसौना गांव निवासी कुसुम ने सोमवार देर रात अपने तीन बच्चों 12 वर्षीय मधु, 10 वर्षीय राधिका और 8 वर्षीय सत्या को कथित तौर पर जहर पिलाने के बाद स्वयं भी जहरीला पदार्थ खा लिया। कुछ ही देर में चारों की तबीयत बिगड़ने लगी। इसके बाद परिजनों की सूचना पर उन्हें तत्काल मड़िहान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर जिला मंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया गया।
वहीं, अस्पताल में इलाज के दौरान कुसुम और उसकी बेटी राधिका ने दम तोड़ दिया, जबकि मधु और सत्या का इलाज जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक, दोनों बच्चों की स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कुसुम का पति धर्मेंद्र धरिकार शिकोहाबाद में रहकर मजदूरी करता है। कुछ दिन पहले वह गांव आया था। महिला को शक था कि उसके पति ने दूसरी शादी कर ली है और इसी कारण वह उसपर और बच्चों पर ध्यान नहीं दे रहा था। इसी को लेकर दोनों पक्षों के बीच 12 जुलाई को संतनगर थाना क्षेत्र के शीतलगढ़ गांव में पंचायत हुई थी। पंचायत में समझौते के तहत तय हुआ था कि धर्मेंद्र अगले दिन पत्नी को अपने साथ ले जाएगा।
आरोप है कि समझौते के बावजूद धर्मेंद्र पत्नी को साथ लेकर नहीं गया और घर से चला गया। इससे आहत होकर कुसुम ससुराल (परसौना) पहुंची और यह आत्मघाती कदम उठा लिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) राजकुमार मीणा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक विवाद और पति पर दूसरी शादी के शक से जुड़ा लग रहा है। इसी मामले में महिला द्वारा बच्चों को जहर पिलाने और स्वयं जहर खाने की बात सामने आई है।उन्होंने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Updated on:
14 Jul 2026 10:24 am
Published on:
14 Jul 2026 10:24 am
