
Pic- MLA Ratnakar Mishra Facebook page
Electricity Department News : मिर्जापुर में जनता की मुद्दों को लेकर हमेशा सुर्खियों में बने रहने वाले नगर विधायक पंडित रत्नाकर मिश्रा ने एक बार फिर जनता की समस्या को लेकर बिजली विभाग के एक अधिकारी को फटकार लगाई है। बताया जा रहा है कि खराब बिजली व्यवस्था को लेकर विधायक ने बिजली विभाग के चीफ इंजीनियर को फटकार लगाई है और कहा है कि वह लिखित रूप से इस मामले की शिकायत मुख्यमंत्री को करेंगे।
मिर्जापुर के नगर विधायक पंडित रत्नाकर मिश्रा ने बिजली विभाग के चीफ इंजीनियर को फोन पर फटकार लगाई है। उन्होंने चीफ इंजीनियर से कहा कि जिले में 12-12 घंटे बिजली नहीं मिल रही है। भीषण गर्मी से जनता त्राहि त्राहि कर रही है और विधायक होने के नाते लोग उन्हें गालियां दे रहे हैं। उन्होंने अधिकारी से कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 20 से 24 घंटे बिजली आपूर्ति के निर्देश दिए हैं, लेकिन विभाग 12 घंटे भी बिजली सप्लाई नहीं दे रहा है। उन्होंने अधिकारी को चेतावनी दी है कि चार दिन बाद सीएम योगी मिर्जापुर पहुंच रहे हैं, वह लिखित रूप से बिजली विभाग की शिकायत करेंगे।
दरअसल, गुरुवार की सुबह विंध्याचल के कैंप कार्यालय से विधायक पंडित रत्नाकर मिश्रा ने चीफ इंजीनियर लोकेंद्र बहादुर सिंह को फोन लगाया और ध्वस्त हो चुकी बिजली विभाग का व्यवस्था को लेकर फटकार लगाई। विधायक का कहना है कि बिजली कटौती के लिए लोग उन्हें ही दोषी मान रहे हैं, जबकि इसमें मुख्य रूप से दोषी बिजली विभाग है। उन्होंने स्पष्ट तौर पर अधिकारी से पूछा है कि बिजली की आपूर्ति क्यों नहीं हो पा रही है। उन्होंने अधिकारी को चेतावनी दी है कि यदि विभाग मामले को गंभीरता से नहीं लेता तो मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन के दौरान विभाग और चीफ इंजीनियर की शिकायत की जाएगी।
विधायक ने बताया कि लगातार हो रही बिजली कटौती से लोग परेशान हैं और सरकार के खिलाफ उनका गुस्सा भड़क रहा है। भीषण गर्मी के बीच बिजली कटौती से छात्र-छात्राओं को पठन-पाठन करने में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस बारे में चीफ इंजीनियर ने बताया कि दो दिनों से लगातार तेज हवा और बारिश के चलते विद्युत आपूर्ति में थोड़ी दिक्कत पैदा हुई है। उन्होंने विधायक को भरोसा दिया है कि जल्द ही समस्या को दूर करते हुए निर्बाध बिजली आपूर्ति की जाएगी और जिले में रोस्टर के अनुसार ही बिजली की कटौती की जाएगी।
Updated on:
02 Jul 2026 08:07 pm
Published on:
02 Jul 2026 08:07 pm
