
मिर्जापुर. मानसिक रूप से बीमार बेटे ने मंगलवार को पिता, मां और भाई पर कुल्हाड़ियों से हमला कर दिया। घटना में पिता की मौत हो गई जबकि मां और भाई की हालत गंभीर है, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने पिता की हत्या करने वाले आरोपी बेटे को गिरफ्तार किया है।
सनसनीखेज मामला हालिया थाना अंतर्गत डिघियां का है। जहां गांव के रहने वाले गुरु चरण पाल 60 वर्ष घर मे सो रहे थे कि अचानक मानसिक रूप से विक्षिप्त छोटे बेटे विजय शंकर पाल 24 वर्ष ने उन पर हमला कर दिया। देखते- देखते झगड़ा इतना बढ़ा की बेटे विजय शंकर ने पिता पर घर मे रखे कुल्हाड़ी से वार कर दिया और पिता को कई बार कुल्हाड़ी से मार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। जब वह अपने पिता गुरु चरण पर कुल्हाड़ी से वार कर रहा था। उसी दौरान उसकी मां मंगरी देवी बचाने के लिए दौड़ी तो उसने मां पर भी हमला कर उन्हें भी घायल कर दिया। वही घर मे मौजूद बड़े भाई शिव अचल पर भी विजय शंकर ने कुल्हाड़ियों से हमला कर घायल कर दिया।
ग्रामीणों के अनुसार विजय शंकर ने पहले अपने पिता पर कुल्हाड़ी से हमला कर अधमरा कर दिया । इसके बाद मां पर भी कुल्हाड़ी से वार कर दिया। जब बीच बचाव में बड़ा भईया आया तो उसको भी ताबड़तोड़ कुल्हाड़ी से मारकर घायल कर दिया। घर पर हो रही चीख पुकार सुनकर आस पास के ग्रामीण जब घर पर पहुचे तो वहां का मंजर देख स्तब्ध रह गए। हमला करने के बाद विजय वहां से भागने के फिराक में था। और उसने हमले में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी को पास के खेत में ही फेक दिया।
ग्रामीणों ने विजय शंकर को पकड़ लिया और घटना की सूचना ग्रामीणों ने डॉयल 100 को दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने हत्या आरोपी बेटे विजय को गिरफ्तार कर लिया। गंभीर रूप से घायल तीनों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा, जहां इलाज के दौरान पिता गुरु चरण पाल की मौत हो गयी। फिलहाल घटना के बाद से ही गांव मे मातम पसारा है। ग्रामीणों के अनुसार कातिल बेटे की मानसिक हालत सही नही है, पिछले तीन महीने से उसका इलाज चल रहा है।