
हलिया थाना क्षेत्र के मवई कला गांव निवासी स्वर्गीय फूलचंद की 19 वर्षीय पुत्री नीतू का शव बुधवार को लालगंज थाना क्षेत्र के कोटाघाट स्थित बेलन नदी में मिला।
मिर्जापुर में बेलन नदी में नवविवाहिता शव मिला है। नदी के ऊपर बने पुल पर नीतू का दुपट्टा और चप्पल भी बरादम हुए हैं। इससे उसके नदी में कूदने की आशंका जताई जा रही है। वहीं, मृतका की मां ने उसके पति पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौत की असली वजह जानने के लिए जांच की जा रही है। मृतका की पहचान हलिया थाना क्षेत्र के मवई कला गांव निवासी नीतू (19), पुत्री स्वर्गीय फूलचंद के रूप में हुई है।
स्थानीय लोगों ने बुधवार को कोटाघाट के पास बेलन नदी में शव देखा। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। कुछ ही देर में मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त कराकर परिजनों को जानकारी दी। बेटी की मौत की खबर मिलते ही परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए। परिजनों के मुताबिक, नीतू की शादी मई 2026 में वाराणसी के सिगरा निवासी रणजीत से हुई थी। वह इन दिनों अपने मायके मवई कला में रह रही थी। बताया गया कि नीतू मंगलवार शाम करीब 5 बजे घर से सामान लेने के लिए निकली थी। इसके बाद वह घर नहीं लौटी। बुधवार को उसका शव नदी में मिलने की जानकारी मिली। नीतू दो बहनों और एक भाई में शामिल थी। उसका भाई रोहित बाहर रहकर काम करता है।
नीतू की मां अमरावती ने उसके पति पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि बेटी परेशान रहती थी और इसी वजह से उसने संभवतः यह कदम उठाया होगा। हालांकि, पति पर लगाए गए आरोपों की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
पुलिस के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद मवई कला गांव और आसपास के इलाके में शोक का माहौल है।
Updated on:
21 Oct 2026 01:24 pm
Published on:
21 Oct 2026 12:19 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
