
मुठभेड़ में पकड़ा गया आरोपी, (Pc-Mirzapur Police)
Mirzapur Encounter: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में पुलिस और शातिर चेन स्नेचर के बीच मुठभेड़ हुई है। मुठभेड़ की इस घटना में आरोपी घायल हो गया है, जिसे इलाज के लिए पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया है। सोमवार की सुबह थाना कोतवाली देहात की पुलिस टीम ने मुठभेड़ की इस घटना को अंजाम दिया है। पकड़े गए आरोपी के पास से .315 बोर का देसी तमंचा, जिंदा व खोखा कारतूस बरामद हुआ है। इसके साथ ही महिला के गले से छीना हुआ एक मंगलसूत्र भी बरामद किया गया है। पकड़े गए आरोपी पर विभिन्न थाना क्षेत्र में चार मुकदमे दर्ज थे।
पुलिस के मुताबिक, थाना कोतवाली देहात की पुलिस टीम खड़ंजा फॉल के रास्ते पर संदिग्ध वाहन और व्यक्तियों की जांच कर रही थी। इसी दौरान बाइक पर सवार होकर एक युवक आता दिखाई दिया। इस दौरान पुलिस ने उसे भी रुकने का इशारा किया, लेकिन युवक ने अपनी बाइक को तेज गति दौड़ाते हुए खड़ंजा फॉल की तरफ भागने लगा। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी की पुलिस की। घेराबंदी देख युवक ने फायरिंग कर दी, जिसके बाद की गई जवाबी कार्रवाई में उसे गोली लग गई।
पुलिस ने बताया है कि गोली लगने के बाद वह जमीन पर गिर कर कराहने लगा। इसी दौरान पुलिस टीम ने पास जाकर देखा तो आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी थी। पुलिस ने बताया है कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जिसकी पहचान मिर्जापुर के देहात कोतवाली थाना क्षेत्र के धौलपुर निवासी शिवम चौहान पुत्र स्वर्गीय कृष्ण मुरारी के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया है कि तलाशी के दौरान उसके पास से एक देसी तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और पेट की जेब से मंगलसूत्र बरामद हुआ है।
पुलिस ने आरोपी के पास से एक अपाचे बाइक भी बरामद की है और उसे इलाज के लिए अस्पताल में भिजवाया गया है। अभियुक्त ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि 16 अक्टूबर को आरटीओ ऑफिस से पहले पहाड़ी गांव के समीप शाम के 8 बजे एक महिला लालगंज की तरफ से स्कूटी से जा रही थी। इस दौरान उसके गले से मंगलसूत्र और चेन को उसने अपने साथी के सहयोग से छीन लिया। आरोपी ने बताया कि चेन उसके सहयोगी के पास है और मंगलसूत्र लेकर वह जा रहा था। इसी दौरान वह पकड़ा गया। पुलिस ने बताया है कि पकड़े गए आरोपी के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जा रही है। वहीं, उसकी साथी की भी तलाश की जा रही है।
Updated on:
19 Oct 2026 09:47 am
Published on:
19 Oct 2026 09:41 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
