
Mirzapur Crime News: मीरजापुर जिले के मड़िहान थाना क्षेत्र के ग्राम कानीदरी दाढीराम में इश्क का खौफनाक अंत हुआ है। एक पिता ने अपने ही गांव के मनबढ़ युवक पर अपनी 18 वर्षीय बेटी प्रिया को बहला-फुसलाकर, पैसे का लालच देकर अवैध संबंध बनाने और फिर प्रेम-प्रसंग में हत्या कर लाश को कुएं में फेंक देने का सनसनीखेज आरोप लगाया है। पीड़ित पिता लालजी पुत्र स्वर्गीय माता प्रसाद की तहरीर के अनुसार पूरी कहानी कुछ इस प्रकार से है।
जिसमें मृतका प्रिया (18 वर्ष) के पिता ने प्रभारी निरीक्षक मड़िहान को दिए प्रार्थना पत्र में लिखा है कि गांव का ही प्रिंसराज उर्फ कोमल पुत्र राजकुमार काफी मनबढ़ किस्म का व्यक्ति है। उसने उनकी पुत्री प्रिया (18 वर्ष) को बहला-फुसलाकर और पैसे का लालच देकर अवैध संबंध बना लिया था।
14 नवंबर 2026 को वह अपनी पत्नी व पुत्र के साथ निमंत्रण में मीरजापुर शहर के ग्राम धनीपट्टी गया था। इसी मौके का फायदा उठाकर रविवार 15 नवंबर 2026 को शाम 5.30 बजे प्रिंसराज उर्फ कोमल ने प्रिया को बहला-फुसलाकर घर से 300 मीटर दूर कुएं के पास ले गया और हत्या कर लाश को कुएं में फेंक दिया।
आरोप है कि लाश को कुएं में फेंकने के बाद आरोपी खुद ही चिल्लाने लगा कि प्रिया कुएं में गिर गयी है! हो-हल्ला सुनकर गांव के लोग मौके पर पहुंचे और कुएं से लाश को बाहर निकाला है तो देखा गया कि प्रिया की मौत हो चुकी थी।
परिजनों ने कहा है कि अगर प्रिया खुद कुएं में गिरी होती तो डूबने से उसके पेट में पानी होता, लेकिन जब लाश निकाली गई तो पेट से पानी नहीं निकला। इससे साफ है कि पिंड छुड़ाने के लिए पहले से मारकर उसे कुएं में गिरा दिया गया है, ताकि इसे गिरने का रुप दिया जा सके। पिता लालजी ने पुलिस से मांग की है कि आरोपी प्रिंसराज उर्फ कोमल के विरुद्ध पॉक्सो एक्ट एवं हत्या का FIR दर्ज कर कठोरतम कार्रवाई की जाए।
सोमवार को देर शाम प्रिया का मुख्यालय पर पोस्टमार्टम कराया गया। इस दौरान जहां भारी तादाद में पीड़ित परिवार के लोग और आसपास के ग्रामीण मौजूद रहे हैं, वहीं सुरक्षा की दृष्टि से मड़िहान थाना पुलिस फोर्स सहित क्षेत्राधिकारी मड़िहान भी मौके पर डटे रहे हैं। पीड़ित परिवार के लोग बेटी का शव गांव ले जाना चाहते थें वही पुलिस अंतिम दाह संस्कार का दबाव डाल रही थी ऐसा परिजनों का आरोप रहा है। दूसरी ओर मड़िहान थाना प्रभारी का कहना रहा है कि तहरीर मिली है, जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।