11 नवंबर 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

मिर्जापुर: फिरौती के लिए 12 वर्षीय बच्चे की हत्या, मुठभेड़ में आरोपी गिरफ्तार

विंध्याचल थाना क्षेत्र में 12 साल के एक बच्चे के अपहरण और हत्या के मामले में पुलिस ने बुधवार को आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने 30 लाख रुपये की फिरौती के लालच में बच्चे को अगवा किया और उसकी हत्या कर दी। उसकी निशानदेही पर कुशियरा जंगल से बच्चे का शव बरामद हुआ है।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

मिर्जापुर

•

image

Aman Pandey

•

Updated: 11 Nov 2026, 12:15 PM IST

boy kidnapping murder case

मिर्जापुर में 30 लाख रुपए की फिरौती के लिए 12 वर्षीय प्रिंस बिंद की हत्या कर दी गई। अपहरण के बाद आरोपी ने बच्चे को कुशियरा जंगल में ले जाकर गला दबाकर मार डाला और शव छिपा दिया। बुधवार को शव ठिकाने लगाने पहुंचे आरोपी पिंटू उर्फ शैलेंद्र की पुलिस से मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में उसके दोनों पैरों में गोली लगी। उसे गिरफ्तार कर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने जंगल से प्रिंस का शव बरामद किया।

मामला विंध्याचल थाना क्षेत्र के सेमरी गांव का है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने बच्चे के पिता केशव बिंद की ओर से 60 लाख रुपए में जमीन बेचे जाने की जानकारी मिलने के बाद अपहरण की योजना बनाई थी।

बाइक सिखाने के बहाने बच्चे को ले गया था आरोपी

केशव बिंद की महाशक्ति इंटर कॉलेज के पास मिर्जापुर-प्रयागराज मार्ग पर चाय-पान की दुकान है। उनका बेटा प्रिंस 9 नवंबर की शाम करीब चार बजे दुकान पर मौजूद था। इसी दौरान परसिया कामापुर निवासी पिंटू उर्फ शैलेंद्र उसे बाइक चलाना सिखाने और घुमाने के बहाने अपने साथ ले गया। प्रिंस बिहसड़ा कला गांव के आईएसएस पब्लिक स्कूल में कक्षा छह का छात्र था।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी करीब एक सप्ताह से दुकान पर आ रहा था और परिवार के लोगों से परिचित हो गया था। इसी दौरान उसे पता चला कि केशव ने करीब 15 दिन पहले 60 लाख रुपए में जमीन बेची है। बच्चे को ले जाने के बाद आरोपी ने परिवार से 30 लाख रुपए की फिरौती मांगी।

अपहरण की शिकायत पर बनाई गईं तीन टीमें

प्रिंस के घर नहीं लौटने पर पिता ने 10 नवंबर को विंध्याचल थाने में शिकायत दी। पुलिस ने अपहरण का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। एसपी अपर्णा रजत कौशिक ने बच्चे की तलाश और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित कीं।

जांच के दौरान पुलिस ने कॉल डिटेल, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य और स्थानीय सूचना के आधार पर आरोपी की पहचान की। पूछताछ में पिंटू ने बताया कि बच्चे को अपने साथ ले जाने के करीब दो घंटे बाद सोमवार शाम 6:30 बजे कुशियरा जंगल में उसकी गला दबाकर हत्या कर दी थी। इसके बाद शव को वहीं छिपा दिया था।

चेकिंग के दौरान पुलिस पर की फायरिंग

बुधवार को पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी लालगंज की तरफ से आ रहा है। इस पर विंध्याचल थाना प्रभारी निरीक्षक अजीत सिंह के नेतृत्व में गैपुरा और अष्टभुजा चौकी की पुलिस टीम ने गैपुरा-विजयपुर से लालगंज जाने वाले मार्ग पर चेकिंग शुरू की।

इसी दौरान एक बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया गया। वह बाइक लेकर कुशियरा जंगल की तरफ मुड़ गया और कुछ दूर जाकर मोटरसाइकिल छोड़कर भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा किया तो उसने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया और उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा।

आरोपी की निशानदेही पर जंगल से प्रिंस का शव बरामद किया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मिर्जापुर और रायबरेली में दर्ज हैं 17 मुकदमे

पुलिस के मुताबिक, पिंटू उर्फ शैलेंद्र के खिलाफ मिर्जापुर और रायबरेली के विभिन्न थानों में कुल 17 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें चोरी, हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस और गैंगस्टर एक्ट से जुड़े मामले शामिल हैं।

उसके खिलाफ विंध्याचल थाने में वर्ष 2014 में हत्या, साक्ष्य छिपाने और आपराधिक साजिश का मुकदमा दर्ज हुआ था। इसके अलावा प्रयागराज के हंडिया थाने में वर्ष 2020 में हत्या, अपहरण और साक्ष्य मिटाने का मामला भी दर्ज है। पुलिस अब आरोपी के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।