मिर्जापुर देहात कोतवाली थाना क्षेत्र के गुरसंडी गांव में गोली मारकर पुजारी के बेटे की हत्या के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी ने थाने में सरेंडर कर दिया है। एनकाउंटर के डर के चलते मुख्य आरोपी त्रिनयन दुबे ने हाथ में तख्ती लिए थाने में सरेंडर किया है।
जिले के देहात कोतवाली क्षेत्र के गुरुसंडी में गोली मारकर युवक की हत्या मामले में फरार चल रहा मुख्य आरोपी त्रिनयन ने वैसे तो बुधवार की शाम को ही सरेंडर कर दिया था, लेकिन गुरुवार को उसका देहात कोतवाली में फिल्मी स्टाइल में सरेंडर किया। इसमें वह हाथ में तख्ती लेकर कोतवाली के अंदर दाखिल हो रहा है।
जघन्य हत्याकांड का आरोपी त्रिनयन कोतवाली के अंदर आते समय कह रहा है कि अपने आप को आत्मसमर्पण कर रहा हूं। मेरा एनकाउंटर मत करिए। मुझे माफ करिए। तख्ती पर लिखा है कि मैं अपराधी हूं। मैं पुलिस के एंकाउंटर के डर से थाने पर सरेंडर करने आया हूं। भविष्य में कोई अपराध नहीं करुंगा। मुझे जेल भेज दें।जिस तरह से वह थाने में सरेंडर कर रहा है, उसे देखकर लग रहा है कि कोई फिल्म की शूटिंग चल रही हो। कोतवाली के गेट पर न तो कोई पहरा है, न ही कोई पुलिसकर्मी दिख रहा है। हत्या का एक आरोपी आराम से कोतवाली के अंदर सरेंडर करने पहुंच जा रहा है।
बता दें कि एक अक्तूबर को दान पेटिका के विवाद में दो पक्षों में विवाद के बाद एक पक्ष ने गोली मारकर शिवदीप उर्फ सवन की हत्या कर दिया था। मृतक शिवदीप के पिता कृपाशंकर की तहरीर पर पुलिस ने पांच आरोपी त्रिनयन दुबे, उसके भाई दीपू दुबे, अंकुर दुबे, बजरंग लाल दुबे व अंबुज दुबे निवासी दुबे पचेर के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले में पुलिस अंकुर दुबे, बजरंग लाल दुबे व अंबुज दुबे और दीपू दुबे को गिरफ्तार कर चुकी है। हत्याकांड में गोली मारकर हत्या करने के मुख्य आरोपी त्रिनयन की तलाश में पुलिस जुटी थी। जिसने थाने में सरेंडर किया है।