
उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में पारिवारिक कलह से परेशान एक महिला ने अपने दूधमुंहे बेटे के साथ ट्रेन से कटकर जान दे दी। महिला का शव रेलवे ट्रैक पर मिला। सूचना पर पहुंची रेलवे पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। महिला की पहचान राजगढ़ थाना क्षेत्र के भांवा गांव निवासी स्मिता सिंह के रूप में हुई है। वह वर्ष 2022 तक अनुदेशक के पद पर कार्यरत थीं।
स्मिता की शादी वर्ष 2016 में भांवा गांव निवासी इंद्रेश सिंह पटेल से हुई थी। उनके पति एक निजी कंपनी में नौकरी करते थे। शादी से पहले स्मिता सोनभद्र के बीजपुर स्थित राजकीय कन्या विद्यालय में अनुदेशक थीं। स्मिता के पिता प्यारे लाल सिंह के मुताबिक, पति के कहने पर उन्होंने नौकरी छोड़ दी थी। इसके बाद पति ने भी अपनी नौकरी छोड़ दी और गांव लौटकर खेती करने लगे।
पिता के मुताबिक, वर्ष 2022 में नौकरी छोड़ने के बाद स्मिता ससुराल में रहने लगीं, लेकिन वहां उनका मन नहीं लगता था। नौकरी छूटने और घरेलू परिस्थितियों को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद होने लगा। मामला कई बार पंचायत तक भी पहुंचा, लेकिन पारिवारिक कलह खत्म नहीं हुई।
प्यारे लाल सिंह ने बताया कि 24 नवंबर को स्मिता अपने साथ हो रहे कथित अन्याय की शिकायत लेकर करमा थाने पहुंची थीं। वहां मुकदमा दर्ज कराने के बाद वह अपने मायके सोनभद्र के इलाही गांव आ गई थीं।
पिता के मुताबिक, 27 नवंबर की शाम करीब सात बजे स्मिता ने अपनी मां से कहा था कि वह सीसीए पैसेंजर ट्रेन से लूसा उतरकर भांवा जाएंगी।
घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
स्मिता की मौत के बाद उनकी सात साल की बेटी के सिर से मां का साया उठ गया। वह भांवा स्थित एक निजी स्कूल में कक्षा तीन की छात्रा है। मां और छोटे भाई को खोने के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। दादी समेत परिवार के अन्य लोग सदमे में हैं। परिजन समझ नहीं पा रहे हैं कि आखिर किन परिस्थितियों में स्मिता ने इतना बड़ा कदम उठा लिया।