
रांची। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद 15 नवंबर को झारखंड राज्य स्थापना दिवस के मौके पर रांची में 2500 करोड़ रुपए की योजनाओं की शुरूआत करेंगे। इसके
अलावा रांची में 1000 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले दो फ्लाईओवर और एयरपोर्ट से राजभवन तक सड़क निर्माण परियोजनाओं की भी आधारशिला रखी जा सकती है।
राज्य सरकार की प्रवक्ता निधि खरे और गृह विभाग के प्रधान सचिव एस.के.जी. रहाटे ने रांची में कहा कि रांची के कांटाटोली और हरमू बाईपास में बनने वाले फ्लाई ओवर और
एयरपोर्ट से बिरसा चौक और बिरसा चौक-राजभवन तक सड़क चौड़ीकरण और मजबूतीकरण परियोजना की भी आधारशिला रखी जा सकती है।
1500 करोड़ रुपए की जोहार योजना
गृह सचिव एसकेजी रहाटे ने बताया कि स्थापना दिवस पर 15नवंबर को मुख्य समारोह दोपहर 12 से 1 बजे तक मोरहाबादी मैदान में होगा। इस मौके पर राष्ट्रपति की
उपस्थिति में राज्य सरकार की कई महत्वपूर्ण योजनाओं की शुरूआत, नियुक्ति पत्र और परिसंपत्तियों का वितरण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 1500 करोड़ रुपए की
जोहार योजना की शुरूआत होगी, इस योजना के तहत बीपीएल परिवारों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाया जाएगा। इसके अलावा करीब 650 करोड़ रुपये की लागत से
स्वास्थ्य बीमा योजना की शुरूआत होगी और 108 एंबुलेंस योजना आरंभ होगी। इस योजना के तहत 324 एंबुलेंस के माध्यम से लोगों को सहायता उपलब्ध करायी जाएगी।