विविध भारत

बॉलीवुड एक्टर अनुपम खेर का एफटीआईआई के चेयरमैन पद से इस्तीफा, यह बताया कारण

बॉलीवुड के जाने-माने एक्टर और फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (एफटीआईआई) के चेयरमैन अनुपम खेर ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।
less than 1 minute read
• •
Updated: 31 Oct 2018, 3:37 PM IST
news
बॉलीवुड एक्टर अनुपम खेर का एफटीआईआई के चेयरमैन पद से इस्तीफा, यह बताया कारण

नई दिल्ली। बॉलीवुड के जाने-माने एक्टर और फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (एफटीआईआई) के चेयरमैन अनुपम खेर ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। एक्टर ने इस्तीफे की वजह कार्यक्रम में व्यस्तता और टफ शेड्यूल बताया है। आपको बता दें कि एक्टर अनुपम खेर को साल 2017 में एफटीआईआई नया चेयरमैन बनाया गया था। उनसे पहले एक्टर गजेंद्र चौहान इसके चेयरमैन थे। गजेंद्र चौहान की चेयरमैनशिप को लेकर काफी बवाल हुआ था, जिसके बाद सरकार ने उनको हटाते हुए अनुपम खेर को नया चेयरमैन बनाया था।

2017 में चुना गया एफटीआईआई का चेयरमैन

आपको बता दें कि गजेंद्र चौहान को 2015 में एफटीआईआई का चेयरमैन चुना गया था। उस समय संस्थान के कैंपस में काफी विरोध-प्रदर्शन हुआ था। 139 दिनों तक चलने वाली इस हड़ताल के दौरान कुछ छात्रों ने अनशन तक भी किया था। दरअसल, इन छात्रों ने गजेंद्र चौहान को एफटीआईआई के चेयरमैन पद के लिए अयोग्य बताया था। इसका एक कारण चौहान के कैंपस से लगातार बाहर रहना भी था। चौहान के विरोध में एकजुट हुए छात्रों ने पुणे से लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर तक प्रदर्शन किया था।

अनुपम खेर इन दिनों काफी व्यस्त

बताया जा रहा है कि एक्टर अनुपम खेर इन दिनों काफी व्यस्त हैं। बॉलीवुड के साथ ही वह कई विदेशी फिल्मों के लिए भी काम कर रहे हैं, जिसके चलते उनके पास समय का अभाव है। आपको बता दें कि 7 मार्च 1955 को शिमला में जन्मे अनुपम खेर ने अपना फिल्मी सफर 1982 में आई 'आगमन' नामक फिल्म से शुरू किया था।

Published on: