विविध भारत

अमृतसर हादसे के बाद से फरार हैं रावण दहन के आयोजक कांग्रेस पार्षद का परिवार

आयोजक अंडरग्राउंड हो गए हैं। साथ ही अब उनके खिलाफ कोई एक्शन नहीं लिया गया। कार्यक्रम का आयोजन स्थानीय कांग्रेस पार्षद विजय मदान के बेटे ने किया था।
2 min read
• •
Updated: 20 Oct 2018, 11:04 AM IST
d
अमृतसर हादसे के बाद से फरार हैं रावण दहन के आयोजक कांग्रेस पार्षद का परिवार

अमृतसर। दशहरा उत्सव के दौरान हुए रेल हादसे में करीब 60 से ज्यादा लोगों की मौत के बाद कई सवाल खड़े हुए हैं, जिनमें हादसे की जिम्मेदारी को लेकर बवाल मचा हुआ है। हादसे के जिम्मेदारों की फेहरिस्त में रेलवे, पुलिस, स्थानीय प्रशासन और आयोजकों तक के नाम सामने आ रहे हैं। इसी बीच पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक कार्यक्रम के आयोजक अंडरग्राउंड हो गए हैं। साथ ही अब उनके खिलाफ कोई एक्शन नहीं लिया गया। कार्यक्रम का आयोजन स्थानीय कांग्रेस पार्षद विजय मदान के बेटे सौरभ मिठू मदान ने किया था।

आयोजक पर सवाल क्यों?

हादसे पर जांच रिपोर्ट आने तक किसी को दोषी नहीं ठहराया जा सकता लेकिन प्रथमदृष्ट्या आयोजन स्थल को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। दरअसल जिस जगह यह हादसा हुआ वहां रावण का पुतला दहन रेलवे ट्रैक से महज 70 से 80 फीट की दूरी पर हो रहा था। ट्रैक के इतना नजदीक रावण दहन होना, इतने लोगों का ट्रैक पर खड़े होकर कार्यक्रम देखना, ट्रैक पर जाते लोगों को रोकने के लिए कोई कदम नहीं उठाया जाना... ये तमाम व्यवस्थाएं आयोजकों को सुनिश्चित करनी होती है।

...ये हैं सिलसिलेवार लापरवाहियां

- पुलिस और स्थानीय प्रशासन की तरफ से रेलवे ट्रैक से महज 80 मीटर दूर रावण का पुतला दहन करने की अनुमति देना।
- अमृतसर-पूर्व की विधायक रह चुकीं नवजोत कौर सिद्धू कार्यक्रम की मुख्य अतिथि थीं, उनकी जानकारी होने के बावजूद ऐसी जगह पर कार्यक्रम होना।
- रेलवे ट्रैक पर सैकड़ों लोग खड़े हो और रेल प्रशासन को कोई जानकारी ना होना। यह बेहद व्यस्त रेल मार्ग है।
- खुद जनता को भी किसी भी परिस्थिति में रेलवे ट्रैक पर खड़ा नहीं होना चाहिए।
- रेलवे को इस कार्यक्रम की जानकारी क्यों नहीं दी गई? अगर जानकारी थी तो इतने लोगों की मौजूदगी में दो ट्रेनें कैसे गुजर गईं?
- मौके पर व्यवस्था में तैनात पुलिसकर्मियों ने लोगों को रेलवे ट्रैक पर जाने से रोका क्यों नहीं?
- कार्यक्रम स्थल और रेलवे ट्रैक के बीच किसी भी तरह की बैरिकेडिंग क्यों नहीं की गई?

Published on: