
नई दिल्ली। अमृतसर के राजसांसी में हुए बम धमाके में रोज एक नया मोड़ सामने आ रहा है। बुधवार को इस दहला देने वाले हादसे के पुलिस ने एक गिरफ्तारी की। खुद सीएम अमरिंदर ने बातया कि निरंकारी भवन पर हमले के मामले में पुलिस ने धारीवाल गांव के बिक्रमजीत सिंह को गिरफ्तार किया है। हालांकि उन्होंने ये भी दावा किया कि अवतार सिंह नाम के एक शख्स ने ग्रेनेड फेंका था जो अभी पुलिस गिरफ्त से बाहर है। इस बीच गिरफ्तार किए गए ब्रिकमजीत सिंह की मां ने एक बड़ा बयान दिया है।
धारीवाल गांव निवासी ब्रिकमजीत सिंह की मां सुखविंदर ने पुलिस की ओर से गिरफ्तारी को गलत बताया है। सुखविंदर कौर का कहना है कि उसके बेटे के फंसाया गया है। कौर ने कहा "मेरा बेटा बम से हमला क्यों करेगा? उसने ऐसा नहीं किया है. किसी ने उसे फंसा दिया है।"
कौर के मुताबिक बिक्रमजीत दिन रात तो खेतों में काम करता है ऐसे में वो कब और कहां से बम लाएगा। उसे जानबूझ कर फंसाया जा रहा है हालांकि उसे क्यों और किसने फंसाया ये नहीं पता। आपको बता दें कि बम धमाके में गिरफ्तार किए गए बिक्रमजीत ने 12वीं तक पढ़ाई की है और इसके बाद से खेती के काम में जुट गया। बिक्रमजीत के पिता की मौत हो चुकी है। उसका एक भाई भी है जो कनाडा में रहता है।
बिक्रमजीत के परिजन सुखविंदन के मुताबिक देर रात अचानक पुलिस वाले घर में दाखिल हुए और उसे उठाकर ले गए। न तो कुछ बताया और न ही कुछ पूछा। खास बात यह है कि पूरा गांव बिक्रम को अच्छी तरह जानता है और जरूरत पड़ने पर उसके पक्ष में गवाही भी दे सकता है।
आपको बता दें कि 19 नवंबर को अमृतसर के राजसांसी गांव में निरंकारी भवन पर दो बाइक सवार हमलावरों ने बम फेंक कर हमला किया। इस ब्लास्ट में 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 20 लोग इस हादसे में जख्मी हो गए थे। मोटरसाइकल पर सवार दो हमलावर निरंकारी भवन पहुंचे. उनमें से एक ने बाहर खड़े लोगों को बंदूक दिखाकर सवाल किए और दूसरे ने अंदर जाकर ग्रेनेड फेंका। पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा है कि अमृतसर के पास निरंकारी भवन पर हुए हमले की साजिश पाकिस्तान में रची गई थी।