
नई दिल्ली। इमरान खान के प्रधानमंत्री बनने के बाद ये माना जाने लगा था कि शायद भारत और पाकिस्तान के बीच पटरी से उतर चुकी रिश्तों की गाड़ी को फिर से पटरी पर लाने की कोशिश की जाएगी, लेकिन पाकिस्तान है कि सुधरने का नाम नहीं ले रहा। बीते कुछ दिनों में पाकिस्तान के आतंकवादी हो या फिर सैनिक दोनों ने ही भारत के साथ रिश्तों को खराब करने के काम किए हैं, जिसकी वजह से एक बार फिर दोनों देशों के बीच तनाव की स्थिति है। इस तनाव भरी स्थिति में भारतीय थल सेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत का एक बड़ा बयान आया है। उन्होंने कहा है कि पाकिस्तान से बातचीत नहीं की जाएगी, जबतक वो आतंकवाद का साथ नहीं छोड़ देता।
पाकिस्तान से बातचीत और आतंकवाद एक साथ नहीं चलेगा- बिपिन रावत
न्यूज एजेंसी एएनआई से बात करते हुए जनरल बिपिन रावत ने कहा कि ये हमारी सरकार और सेना दोनों की पॉलिसी है कि पाकिस्तान के साथ बातचीत नहीं की जाएगी, जबतक वो आतंकवाद का साथ नहीं छोड़ देता, हमने पाकिस्तान को सख्त संदेश दे दिया है। बिपिन रावत ने कहा कि बातचीत और आतंकवाद एकसाथ नहीं चलेगा। सेना प्रमुख ने कहा कि अगर पाकिस्तान बातचीत का हाथ बढ़ाना चाहता है तो उसे पहले अपने किसी एक्शन के जरिए ये साबित करना होगा कि वो आतंकवाद का समर्थक नहीं है।
'समय आ गया है, जब हमें अपनी रणनीति में बदलाव लाना होगा'
इससे पहले शनिवार को भी सेना प्रमुख बिपिन रावत ने जयपुर में आयोजित हाइफा डे के कार्यक्रम में कहा था कि वो पाकिस्तान की गीदड़भभकियों से डरने वाले नहीं हैं, भारतीय सेना पाकिस्तान को उसी की भाषा में जवाब दे रही है, लेकिन हम बर्बरता पर नहीं उतरे हैं। हालांकि अब समय आ गया है जब हमें अपनी रणनीति में बदलाव कर पाकिस्तान को जवाब देना होगा। साथ ही उन्होंने सर्जिकल स्ट्राइक की वर्षगांठ मनाने को लेकर कहा था कि इस तरह की सर्जिकल स्ट्राइक पहले कभी नहीं हुई है।
बीएसएफ जवान की हत्या के बाद से दोनों देशों में पैदा हुआ तनाव
आपको बता दें कि हाल ही में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने पीएम मोदी को एक चिट्ठी लिख बातचीत का आह्वान किया था, जिसके बाद दोनों देशों के विदेश मंत्रियों की मुलाकात भी तय हो गई थी, लेकिन उसके बाद पाकिस्तानी सैनिकों ने बॉर्डर पर बीएसएफ जवान की जिस बर्बर तरीके से हत्या की उसके बाद से ही तनाव का माहौल पैदा हो गया। इस घटना के बाद भारत ने पाकिस्तान से बातचीत का कार्यक्रम रद्द कर दिया। इतना ही नहीं इसके अगले दिन ही पाकिस्तानी सेना प्रमुख ने भारत को गीदड़भभकी देते हुए कहा था कि पाकिस्तान युद्ध के लिए तैयार है।