
नई दिल्ली। नियंत्रण रेखा पर आतंकी हरकतों पर भारतीय सेना (Indian Army) के वाइस चीफ लेफ्टिनेंट जनरल एसके सैनी ने मंगलवार को बड़ा खुलासा किया। उन्होंने बताया कि पाक अधिकृत कश्मीर (PoK) में नियंत्रण रेखा के पास आतंकी शिविर सक्रिय हो चुके हैं और लॉन्च पैड्स पर फिर से कब्जा हो गया है। इसके साथ ही उन्होंने दावा किया कि भारतीय सेना किसी भी चुनौती से निपटने के लिए तैयार है।
इंडियन आर्मी के वाइस चीफ (Army Vice Chief) लेफ्टिनेंट जनरल सैनी ने कहा, "जम्मू एवं कश्मीर के आंतरिक इलाकों और नियंत्रण रेखा दोनों ही जगह हालात नियंत्रण में हैं। हम सामने आने वाली किसी भी चुनौती से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।"
उन्होंने आगे कहा, "पीओके में लॉन्च पैड्स पर फिर से कब्जा हो गया है और आतंकी शिविर (terror camps) सक्रिय हो चुके हैं। पिछले साल संघर्ष विराम उल्लंघन के मामले बढ़े हैं।"
बता दें कि भारतीय सेना के नए वाइस चीफ के रूप में नियुक्ति होने पर गार्ड ऑफ ऑनर मिलने के बाद वह मीडिया से बात कर रहे थे।
बता दें कि पिछले कुछ सप्ताह में ऐसी रिपोर्ट्स सामने आई थीं कि पीओके में आतंकी गतिविधियां बढ़ चुकी हैं जिन पर पाकिस्तानी सेना का हाथ है।
वाइस चीफ के रूप में अपनी प्राथमिकताओं के बारे में उन्होंने कहा, "हथियारों (Weapons), गोला-बारूद आदि में कमी के मामले में खोखलेपन को दूर करना और उत्तरी सीमाओं के साथ क्षमता में विकास करना है।"
बता दें कि रक्षा तैयारियों में खोखलापन कुछ वर्ष पहले उस वक्त सामने आया था जब तत्कालीन सेना प्रमुख जनरल वीके सिंह (Army Chief Gen VK Singh) ने इस ओर ध्यान खींचा था कि भारतीय सेना लड़ाई के लिए जरूरी गोला-बारूद और हथियारों की कमी से जूझ रही है।