विविध भारत

महाराष्ट्र: गहरी खाई में बस गिरने से 33 लोगों की मौत, सरकार ने मुआवजे का किया ऐलान

फिलहाल मौके पर राहत और बचाव दल पहुंच चुका है। वहीं जिला प्रशासन भी घटनास्थल पर मौजूद है।
2 min read
• •
Updated: 28 Jul 2018, 2:47 PM IST
bus accident
खाई में गिरी बस

रायगढ़: महाराष्ट्र के रायगढ़ में एक बस खाई में गिरने से बड़ा हादसा हो गया। बस 500 फीट नीचे खाई में गिरी है।इसमें 33 लोगों की मौत हो गई। बस में सवार सभी लोग पिकनिक मनाने जा रहे थे। अमनाली घाट के पास हादसा हो गया। जिले के जिला कलेक्टर विजय सूर्यवंशी ने घटना की पुष्टि की है। कलेक्टर ने कहा कि पोलडपुर में बस खाई में गिरने से उसमें सवार 34 में से 33 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। सूत्रों के मुताबिक सभी लोग एक कृषि विभाग की विद्यापीठ में काम करते थे। बताया जा रहा है कि चालक की लापरवाही से ये हादसा हुआ है। फिलहाल मौके पर राहत और बचाव दल पहुंच चुका है। वहीं जिला प्रशासन भी घटनास्थल पर मौजूद है। लोगों को बाहर निकालने की कवायद जारी है।

सरकार ने मुआवजे का किया ऐलान

सरकार ने मृतक के परिजनों को 4 लाख रुपए मुआवजे देने का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने हादसे पर दुख जताया।

महाराष्ट्र के रायगढ़ और सतारा सीमा पर हुए बस हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया है। वहीं राहुल गांधी ने भी इस हादसे पर सांत्वना व्यक्त की। राहुल गांधी ने अपने कार्यकर्ताओं से घटनास्थल पर जाकर मदद करने की अपील भी की

हिमाचल के सिरमौर में दर्दनाक हादसा

पिछले दिनों मई में हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में एक बस सड़क से फिसलकर पहाड़ी के नीचे गिर गई। हादसे में सात लोगों की मौत हो गई थी । जबकि 12 अन्य के घायल हो गए थे। हादसा नाई नेती पंचायत के पास हुआ, जो राजगढ़ से करीब 25 किलोमीटर दूर है। हादसे के शिकार अधिकांश पीड़ित राजगढ़ क्षेत्र के हैं। उन्होंने कहा कि दुर्घटना के कारण का अभी पता नहीं चला है।

हिमाचल में स्कूल बस हादसे में 32 लोगों की मौत

वहीं हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा में 10 अप्रैल को बच्चों से भरी एक बस हादसे का शिकार हो गई थी। बस हादसे में अब तक 32 लोगों की मौत हो गई थी । नूरपुर इलाके में सोमवार शाम स्कूली बच्चों की बस 200 फीट गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में 29 बच्चों समेत कुल 32 लोगों की मौत हो चुकी । स्कूली बस बजीर राम सिंह पठानिया मेमोरियल स्कूल की थी। इसमें इस दर्दनाक हादसे में बस में सवार ज्यादातर बच्चों का स्कूल का पहला ही दिन था। स्कूल में पढ़ाई के बाद ये बच्चे अपने घरों को लौट रहे थे।

कोल्हापुर में बस हादसा

वहीं साल के शुरू में जनवरी महीने में पश्चिमी महाराष्ट्र के कोल्हापुर में भीषण सड़क हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई थी। कोल्हापुर के शिवाजी पुल पर हुई। यहां 17 लोगों से भरी मिनी बस नदी में जा गिरी, हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई।

Published on: