
नई दिल्ली: मुजफ्फरपुर शेल्टर होम कांड पर सीबीआई की जांच जारी है। सीबीआई ने इस मामले में तीन और लोगों को हिरासत में लिया है। तत्कालीन सहायक निदेशक, आश्रय के प्रभारी निरीक्षक और सामाजिक कल्याण विभाग के अधिकारी को हिरासत में लिया है। सीबीआई की टीम तीनों से इस मामले में पूछताछ कर रही है। वहीं मुख्य आरोपी ब्रजेश ठाकुर के 20 बैंक खातें को सील कर दिया है। वहीं मुख्य आरोपी ब्रजेश ठाकुर जेल में बंद है।
सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में जांच
वहीं उच्च न्यायालय की निगरानी में हो रही शेल्टर होम की जांच अब सर्वोच्च न्यायालय की निगरानी में की जाएगी। गुरुवार को मुजफ्फरपुर आश्रय गृह दुष्कर्म मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की जांच की निगरानी करने का निर्णय लिया है। शीर्ष अदालत ने केंद्रीय एजेंसी को चार हफ्तों के अंदर मामले में स्टेटस रिपोर्ट दाखिल करने के लिए कहा है।
'मीडिया रिपोर्टिंग पर प्रतिबंध संभव नहीं'
इसके साथ ही न्यायालय ने मीडिया को मामले की रिपोर्टिंग करते वक्त सावधानी बरतने के लिए कहा। न्यायमूर्ति मदन भीमराव लोकुर और न्यायमूर्ति दीपक गुप्ता की पीठ ने पटना उच्च न्यायालय के मामले में मीडिया रिपोर्टिंग पर प्रतिबंध लगाने के आदेश को निष्प्रभावी बना दिया। शीर्ष अदालत ने स्पष्ट करते हुए कहा 'पूरी तरह से प्रतिबंध नहीं हो सकता लेकिन मीडिया को रिपोर्टिंग के दौरान सावधान रहना चाहिए।' इससे पहले पटना उच्च न्यायालय इस मामले की निगरानी कर रही थी और मीडिया कवरेज पर रोक लगाई थी।
विपक्ष ने बोला था जोरदार हमला
मुजफ्फरपुर बालिका गृह कांड को लेकर नीतीश सरकार बैकफुट पर आई गई थी। विपक्ष ने सरकार पर जोरदार हमला बोला था। विपक्ष ने नीतीश सरकार के खिलाफ सड़क से लेकर संसद तक हंगामा किया था। आरजेडी नेता तेजस्वी यादव के नेतृत्व में विपक्ष ने दिल्ली के जंतर मंतर पर भी विरोध प्रदर्शन किया था। विपक्षी प्रदर्शन के चलते मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सीबीआई जांच कराने के निर्देश दिए थे। इस मामले में सामाजिक कल्याण मंत्री मंजू वर्मा का इस्तीफा भी हो चुका है। मुख्य आरोपी ब्रजेश ठाकुर और मंजू वर्मा के पति चंद्रशेखर वर्मा के बीच बातचीत और सांठगांठ का आरोप लगा था।
क्या है मामला
बता दें कि ब्रजेश ठाकुर द्वारा संचालित मुजफ्फरपुर शेल्टर होम में 34 नाबालिक लड़कियों के साथ यौन शोषण का मामला सामने आया था। मामले की मेडिकल पुष्टि की गई थी।