राजस्थान से आई धूल दिल्ली एनसीआर के अलावा चंडीगढ़ के आसमान पर भी काबिज हो गई है। धूल के गुबार के कारण चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर विजिबिलिटी बेहद खराब हो गई है
चंडीगढ़ । दिल्ली-एनसीआर समेत पंजाब, हरियाणा और राजस्थान पर पिछले तीन दिनों से धूल का गुबार छाया हुआ है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिनों तक इस स्थिति से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। वातावरण में घुली धूल की वजह से दिल्ली और आसपास के राज्यों में औसत तापमान में पांच डिग्री तक की बढ़ोतरी दर्ज हुई है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि जब तक मानसून नहीं आता तब तक लोगों को यह प्रदूषण झेलना पड़ेगा।
ठप हुआ चंडीगढ़ एयरपोर्ट
राजस्थान से आई धूल दिल्ली एनसीआर के अलावा चंडीगढ़ के आसमान पर भी काबिज हो गई है। धूल के गुबार के कारण चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर विजिबिलिटी बेहद खराब हो गई है। इसको को देखते हुए तमाम विमानन कंपनियों ने चंडीगढ़ एयरपोर्ट से उड़ने वाली सभी फ़्लाइट्स रद्द कर दी हैं। विजिबिलिटी के काम होने के कारण शुक्रवार शुबह चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर केवल दो विमान लैंड कर सके जबकि यहाँ से सिर्फ एक विमान टेक ऑफ हुआ है।
दिल्ली में होगा पानी का छिड़काव
मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल के धरने के बीच दिल्ली के उपराज्यपाल अनिल बैजल ने निर्माण कार्यों पर पूरी तरह से रोक लगाने का आदेश दिया है। इसके अलावा एलजी ने दिल्ली में जगह-जगह पानी के छिड़काव करने का भी आदेश दिया है। उधर मौसम विभाग का कहना है कि 16 जून के बाद दिल्ली-एनसीआर में बारिश की संभावना है।
जहरीली हवा ने बढ़ाई दिल्ली की गर्मी
दिल्ली के सभी भागों में पीएम 10 का स्तर 700 से 800 के बीच पहुंच चुका है। धूल के कारण दिल्ली एनसीआर का वातावरण पूरी तरह लॉक्ड स्टेज में है जिससे रात के वक़्त का न्यूनतम तापमान बढ़ गया है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि धूल की चादर की वजह से सूरज की गर्मी जमीन से वापस वायुमंडल में नहीं जा पा रही है इसके चलते दिल्ली में न्यूनतम तापमान में पांच से सात डिग्री तक की बढ़ोत्तरी हुई है। गुरुवार को दिल्ली में न्यूनतम तापमान सामान्य से 5 डिग्री ऊपर 33 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
रेगिस्तानी हवाओं ने बढ़ाया दिल्ली का प्रदूषण
आईएमडी के मौसम विशेषज्ञों के अनुसार दिल्ली और आसपास के भागों में इस समय पश्चिम की तरफ से शुष्क और गरम हवाएं तेज़ी से चल रही हैं। यह हवाएं पाकिस्तान और राजस्थान से रेतीले इलाकों से होकर आ रही हैं और उन इलाकों की धूल अपने साथ ले आकर दिल्ली के साथ पंजाब और यूपी के कई इलाकों में मौसम का संतुलन बिगाड़ रही हैं।
16 जून से मिल सकती है राहत
आईएमडी के अनुसार इस समय हिमालय के तराई क्षेत्रों में एक लो प्रेशर ट्रफ बनी हुई है जिसके अगले 48 घंटों में दक्षिण की ओर खिसकने की संभावना है। अनुमान है कि दिल्ली में 16 जून से मौसम का मिजाज बदलेगा और एनसीआर में हल्की बारिश दर्ज की जाएगी।बारिश के बाद दिल्ली की हवा में घुला यह प्रदूषण कुछ कम हो जाएगा।