विक्रम लैंडर से संपर्क टूटने पर ISRO का बड़ा बयान डाटा का विश्लेषण किया जा रहा है- ISRO
नई दिल्ली। चंद्रयान-2 मिशन को अचानक झटका लग गया है। चांद पर लैंडिग से 2.1 किलोमीटर पहले विक्रम लैंडर का संपर्क इसरो से टूट गया। अचानक संपर्क टूटने से हड़कंप मच गया और लोग निराश होने लगे। हालांकि, विक्रम लैंडर से संपर्क करने की कोशिश में लगातार लगे हुए हैं। इसरो ने कहा कि डाटा का विश्लेषण किया जा रहा है।
सवाल यह उठ रहा है कि क्या विक्रम लैंडर क्रैश हो गया है। इस पर इसरो के एक साइंटिस्ट देवीप्रसाद कार्निक ने कहा कि डाटा का विश्लेषण किया जा रहा है। हमारे पास अभी तक कोई रिजल्ट नहीं है। इसमें समय लग गया है। पूरी तरह कुछ भी नहीं कहा जा सकता है।
इसरो की टीम जांच में जुटी है और विक्रम लैंडर से संपर्क करने की कोशिश में जुटी है। गौरतलब है कि करीब 47 दिनों की यात्रा के बाद विक्रम लैंडर का संपर्क इसरो से टूटा है। इसरो के चेयरमैन के सिवन ने कहा कि विक्रम लैंडर बिल्कुल सही रास्ते से आगे बढ़ रहा था लेकिन लैंडिंग से 2.1 किमी पहले उसका संपर्क टूट गया।
वहीं, पीएम मोदी ने विक्रम लैंडर से संपर्क टूटने पर कहा कि जब मिशन बड़ा होता है तो निराशा से पार पाने का हिम्मत होनी चाहिए। मेरी तरफ से आप सभी को बहुत बधाई। आपने देश की और मानव जाति की बड़ी सेवा की है। देश के अन्य नेताओं और हस्तियों ने भी घटना पर प्रतिक्रिया दी है।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ट्वीट किया कि इसरो की टीम को चंद्रयान-2 मून मिशन पर शानदार काम के लिए बधाई। आपका जुनून और समर्पण प्रत्येक भारतीय के लिए एक प्रेरणा है। गौरतलब है कि अब तक केवल तीन देश रूस, अमेरिका और चीन चंद्रमा पर सफलतापूर्वक सॉफ्ट लैंडिंग करा चुके हैं।