चंद्रयान 2: विक्रम लैंडर को लेकर कभी आ सकती है अच्छी खबर नासा ने कहा- फोटो खींचने के लिए इस बार पर्याप्‍त रोशनी
नई दिल्ली। मिशन चंद्रयान 2 को लेकर अब तक उम्मीदें बरकरार हैं। करीब एक महीने से ज्यादा का समय बीत चुका है, लेकिन अब तक विक्रम लैंडर से संपर्क नहीं हो सका। लेकिन, इसी बीच विक्रम को लेकर अच्छी खबर सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि अगले दो से तीन दिनों में विक्रम लैंडर की तस्वीर सामने आ सकती है। क्योंकि, नासा का ऑर्बिटर एक बार फिर उस जगह से गुजरने वाला है जहां विक्रम लैंडर की हार्ड लैंडिग हुई थी।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा का लूनर रिकनायसेंस ऑर्बिटर (एलआरओ) जल्द ही उस स्थान के ऊपर से गुजरेगा, जहां विक्रम लैंडर बेसुध पड़ा हुआ है। नासा का कहना है कि एलआरओ जब विक्रम लैंडर के लैंडिंग साइट के ऊपर से गुजरेगा, तब वहां प्रकाश तस्वीर खींचने के अनुकूल होगा।
इस दौरान एक बार फिर विक्रम की स्थिति जानने और उसकी तस्वीर लेने की कोशिश की जाएगी। इतना ही नहीं नासा का कहना है कि इस बार जब एलआरओ वहां से गुजरेगा, तब वहां प्रकाश अनुकूल होगा और इस बार फोटो खींचने के लिए पर्याप्त रोशनी होगी। लिहाजा, इस बार विक्रम लैंडर को लेकर अच्छी खबर मिल सकती है।
गौरतलब है कि नासा ने कहा था कि जब लैंडिंग क्षेत्र से हमारा ऑर्बिटर गुजरा तो वहां धुंधलापन था। इसलिए छाया में अधिकांश भाग छिप गया। संभव है कि विक्रम परछाई में छिपा हुआ है। इसलिए, तस्वीरें साफ नहीं आ सकी।
आपको बता दें कि चंद्रमा पर दोबारा सूरज की रोशनी 5 अक्टूबर से पड़नी शुरू हो चुकी है और यह करीब 15 दिन रहेगी। क्योंकि चंद्रमा का 1 दिन धरती के 14 दिन के बराबर है। अब देखना यह है कि इस बार विक्रम लैंडर की तस्वीर लेने में नासा कामयाब होती है या फिर कुछ और परिणाम सामने आता है।