
चेन्नई। प्रसार भारती ने एक बड़ी कार्रवाई की है। कथितरूप से पीएम मोदी का भाषण रोकने के आरोप में चेन्नई दूरदर्शन केंद्र की सहायक निदेशक आर वसुमति को निलंबित कर दिया गया। वसुमति पर यह अनुशासनात्मक कार्रवाई आईआईटी मद्रास में पीएम मोदी के भाषण को न चलने देने के लिए की गई।
रिपोर्ट्स के मुताबिक बीते 30 सितंबर को आईआईटी मद्रास का 56वां दीक्षांत समारोह आयोजित किया गया था। पीएम मोदी इसे संबोधित कर रहे थे। अधिकारियों ने डीडी पोडिगई टीवी पर पीएम मोदी के इस भाषण को प्रसारित करने की स्वीकृति दे दी थी, लेकिन वसुमति ने इसे रोक दिया।
इस संबंध में प्रसार भारती द्वारा जारी किए गए पत्र में बताया गया है कि आर वसुमति को सिविल सर्विस के नियम 1965 के अंतर्गत निलंबित किया गया है। हालांकि इस पत्र में निलंबन का स्पष्ट रूप से कोई कारण नहीं बताया गया है। इस पत्र में आर वसुमति के निलंबन को केवल अनुशासनात्मक कार्रवाई कहा गया है।
इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि वह अभी अमरीका से वापस आए हैं। इस दौरान वह तमाम राष्ट्र प्रमुखों, निवेशकों, नव प्रवर्तकों से मुलाकात की। इन चर्चाओं में एक बात आम थी कि वह नए भारत के बारे में हमारा दृष्टिकोण और देश के युवाओं की क्षमता पर भरोसा।
इतना ही नहीं पीएम मोदी ने यहां की भाषा के बारे में कहा कि तमिलनाडु को एक विशेष गौरव मिला हुआ है। यह उस भाषा का घर है जो दुनिया की सबसे पुरानी है।