विविध भारत

Coronavirus: दिल्ली में बढ़ते पॉजिटिव केस के बीच रोजमर्रा की वस्तुओं की आपूर्ति से छूट का आदेश रद्द

दिल्ली में कोरोना वायरस पॉजिटिव मरीजों की संख्या पहुंची 36 दिल्ली पुलिस ने गुरुवार सुबह जारी अपने आदेश को लिया वापस। जल्द नया आदेश जारी कर सभी को इस बाबत सूचित करेगी पुलिस।
2 min read
• •
Updated: 26 Mar 2020, 5:34 PM IST
दिल्ली पुलिस
दिल्ली पुलिस

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में बढ़ते कोरोना वायरस के मामलों के बीच दिल्ली पुलिस ने बृहस्पतिवार को सख्त फैसला लिया। दिल्ली पुलिस ने गुरुवार सुबह जारी उस आदेश को तत्काल प्रभाव से वापस ले लिया है, जिसमें रोजमर्रा की जरूरतों से जुड़े संस्थानों/आपूर्तिकर्ताओं को लॉकडाउन के दौरान आंशिक छूट दी गई थी। अपने ही आदेश को वापस लेने संबंधी जानकारी भी दिल्ली पुलिस आयुक्त के स्टाफ आफिसर विक्रम के पोरवाल ने मीडिया को दी है।

दरअसल गुरुवार को दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने बताया कि राजधानी में कोरोना वायरस पॉजिटिव मरीजों की संख्या 36 पहुंच चुकी है। इनमें मोहल्ला क्लीनिक का एक डॉक्टर और चार अन्य लोग भी शामिल हैं।

सऊदी अरब से आई एक महिला के संपर्क में आने से यह लोग संक्रमित हुए हैं। डॉक्टर की पत्नी और बेटी भी इसके चलते संक्रमित हो गए हैं। दिल्ली में इस डॉक्टर के संपर्क में पिछले दिनों आए करीब 800 लोगों को दो सप्ताह के लिए क्वारेंटाइन में भेज दिया गया है।

वहीं, दिल्ली में गुरुवार को डीसीपी विक्रम के पोरवाल ने मीडिया को बताया, "सुबह के वक्त जारी आदेश में कई ई-कामर्स रिटेलर्स, डॉ. लाल पैथ लैब, नीड्स सुपरमार्ट, इजीडे, बिग बाजार, कुछ कुरियर कंपनियों, अमेजन, फ्लिपकार्ट, 24सेवन, जोमैटो को लॉकडॉउन के दौरान भी जरूरी वस्तुओं की आपूर्ति/काम करने की इजाजत दी गई थी। इस आदेश को तत्काल प्रभाव से वापस ले लिया गया है।"

यह निर्णय अचानक क्यों लिया गया, इसका जवाब दिल्ली पुलिस का कोई भी अधिकारी देने को तैयार नहीं है। डीसीपी पोरवाल ने कहा, "नए आदेश शीघ्र ही जारी किए जाएंगे। पुराना आदेश तत्काल प्रभाव से वापस लिया जाता है। साथ ही इस बाबत दिल्ली पुलिस के तमाम अफसर कर्मचारियों व अन्य संबंधित यूनिट्स को भी अवगत कराया जा रहा है।"

Updated on:
26 Mar 2020, 5:34 PM IST
Published on: