
नई दिल्ली। दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने मीडिया से बातचीत में कहा है कि केंद्र सरकार की तरफ से ऐसी बात चल रही है कि देश को कोरोना वायरस के असर के लिहाज से रेड, ऑरेंज और ग्रीन जोन में बांटा जाएगा। हमारी सरकार इसके बदले सिंगल पॉलिसी पर काम करेगीं।
उन्होंने कहा कि हम कुछ क्षेत्रों को रेड करें, कुछ को ऑरेंज और कुछ को ग्रीन। दिल्ली में ऐसा करना संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि केजरीवाल सरकार पूरी दिल्ली के लिए एक जैसी रणनीति पर काम करेगी।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि बड़े स्तर पर टेस्ट के लिए रैपिड टेस्ट किट आने में देरी हुई है। टेस्ट किट 2 से 3 दिन में आ जानी चाहिए। माना जा रहा है कि टेस्ट से मरकज से जुड़ा हुआ सबसे बड़ा आंकड़ा आज सामने आएगा। उन्होंने कहा कि जहां भी 3 कोरोना पॉजिटिव मिलेंगे उस इलाके को सील करके हम हॉटस्पॉट घोषित करेंगें।
बता दें कि स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी ताजा आंकड़ों के मुताबिक भारत में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 7987 हो गई है। पिछले 24 घंटों में कोरोना के 796 नए मामले सामने आए हैं और 35 लोगों की मौत हुई है। देश में अभी तक 308 लोगों की मौत हो चुकी है। हालांकि 856 मरीज इस बीमारी को हराने में कामयाब हुए हैं। अब देश के सभी राज्यों से कोरोना के मरीज सामने आ रहे हैं।
जहां तक दिल्ली की बात है तो यहां पर कोरोना वायरस का कहर मुंबई की तरह थमने का नाम नहीं ले रहा है। कोरोना मरीजों की संख्या 12 सौ के पार पहुंच गई है। इसमें निजामुद्दीन मरकज में आयोजित तबलीगी जमात के कार्यक्रम में भाग लेने वालों की संख्या अच्छी खासी हैं।