
नई दिल्ली। देशभर में कोरोना वायरस संक्रमण में एक बार फिर तेजी आने के संकेत मिलने लगे हैं। हालांकि ये मामला अभी मुख्य रूप से महाराष्ट्र तक सीमित है। शुक्रवार को केवल महाराष्ट्र में पांच हजार से अधिक नए मामले सामने आए। वहीं 24 घंटे में देशभर में कोरोना के 13,993 मामले सामने आए हैं। जबकि कोरोना वायरस से 101 लोगों की जान चली गई।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से शनिवार को ताजा आंकड़ों के मुताबिक बीते 24 घंटों में कोरोना वायरस से संक्रमण के 13,993 नए मामले दर्ज किए गए हैं। इसी के साथ देश में संक्रमण के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 1,09,77,387 पहुंच गई है। वहीं पिछले 24 घंटों में कोरोना की वजह से 101 मरीजों की मौत हो गई जिसके चलते देश में कोरोना से जान गंवाने वालों की कुल संख्या 1,56,212 हो गई हैं।
इसके अलावा करोना वैक्सीनेशन कार्यक्रम में तहत देश में कुल 1,07,15,204 लोगों को वैक्सीन लगाई गई है। बता दें कि कोरोना वायरस के नए मामलों नए सिरे से तेजी देखी जा रही है।