
नई दिल्ली। लॉकडाउन चार के बीच 25 मई से घरेलू उड़ान बहाल होने के बाद पहली बार हवाई जहाज के अंदर का माहौल और नजारे को देखकर महिंद्रा ग्रुप के चेयरमैन आनंद महिंद्रा चौंक गए। कोरोना संकट की वजह से प्लेन के अंदर के बदले माहौल और नजारे की तस्वीर लेने से वह नहीं चूके।
प्लेन के अंदर का नजारा देखकर वह इतना संजीदा हुए कि उन्होंने खुद की खींची तस्वीर को ट्विटर पर पोस्ट कर दिया। वही तस्वीर अब सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद सुर्खियों में है। इसे 9 हजार से ज्यादा बार री-ट्वीट किया जा चुका है।
महिंद्रा की फोटो में सुरक्षा उपकरण पहने फ्लाइट अटेंडेंट और दस्ताने, मास्क और फेस शील्ड पहने हुए इंडिगो की फ्लाइट में यात्रियों को देखा जा सकता है। फोटो शेयर करते हुए आनंद महिंद्रा ने कैप्शन लिखा- अगर आपने मुझे ये तस्वीरें सिर्फ छह महीने पहले दिखाईं होती, तो मुझे लगता कि ये किसी साइंस फिक्शन फिल्म की सेट से लिया गया है।
अब महिंद्रा ग्रुप के चेयनमैन आनंद महिंद्रा के फोटो पर लोग कमेंट में कमेंट देने लगे हैं। एक यूजर ने लिखा 'आशा करता हूं कि ये सिर्फ अस्थायी चरण हो। किसी दिन हम इसे पोस्ट को लेकर बात करेंगे। क्योंकि ये टाइम भी पास हो जाएगा।
एक अन्य यूजर ने लिखा कि यात्रा के लिए फ्लाइट में जाने पर ऐसा महसूस हो रहा है जैसे आईसीयू में जा रहे हों।
बता दें कि नागरिक उड्डयन मंत्रालय की तरफ से जारी निर्देशों के बाद 25 मई से देश में घरेलू हवाई यात्रा की सुविधाएं फिर शुरू हो गई हैं। इसके लिए यात्रियों और एयरलाइंस कर्मचारियों को खासा सावधानी बरतनी पड़ रही है।
घरेलू उड़ान की इस फ्लाइट में यात्रियों और एयरलाइंस के कर्मचारियों को मास्क, फेस शील्ड और दस्ताना पहनना पड़ता है। कोरोना के प्रकोप को कम करने के लिए सोशल डिस्टेंसिंग का भी पालन करना पड़ता है। आज से पहले ऐसा कभी नहीं देखा गया था।