
नई दिल्ली। आज देशभर में कोरोना वैक्सीन का ड्राइ रन जारी है। इस बीच ड्राइ रन का जायजा लेने के बाद केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने कहा है कि देशभर के लोगों को कोरोना वैक्सीन की खुराक मुफ्त में मिलेगी। उन्होंने कहा कि दिल्ली में ही नहीं, बल्कि पूरे देश में फ्री होगा। ये बात स्वास्थ्य मंत्री ने इस सवाल के जवाब में कही। उन्होंने कहा कि जैसे दिल्ली में वैक्सीन फ्री में मिलेगी उसी तरह देशभर में ये फ्री में मिलेगी। इससे पहले दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा था कि दिल्ली के लोगों को हम फ्री में कोरोना वैक्सीन मुहैया कराएंगे।
वैक्सीनेशन का हिस्सा बनें लोग
इसके अलावा उन्होंने कोरोना वैक्सीनेशन को लेकर मीडिया की ओर से पूछे गए सवालों के जवाब में कहा कि सभी से अपील है कि वो किसी भी अफवाह में न जाएं। पोलियो टीकाकरण के खिलाफ भी अफवाहें फैलाई गई थीं। इसलिए अफवाहों पर ध्यान देने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि भारत सरकार देश के लोगों को #COVID19 से सुरक्षित रखना चाहती है। वैक्सीन का विकास और टीकारण उसी प्रक्रिया का हिस्सा है। इसलिए वैक्सीन के इस्तेमाल को लेकर फैलाई जा रही अफवाहों पर देशवासी ध्यान न दें। इस अभियान के सभी लोग सहभागी बने।