
नई दिल्ली। देशभर में कोरोना वायरस संक्रमण का कहर जारी है। मुंबई में कोरोना के कमबैक के संकेत मिले हैं। वहीं पिछले 24 घंटे में देशभर में कोरोना संक्रमण के 12,881 नए मामले सामने आए हैं। एक दिन पहले कोविड-19 संक्रमण के 11,610 नए मामले सामने आए थे। इस बीच देश में कुल 94,22,228 लोगों को कोरोना वायरस की वैक्सीन लगाई गई है। कोरोना नियंत्रण की दिशा में इसे एक शुभ संकेत माना जा रहा है।
वहीं केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी ताजा आंकड़ों के मुताबिक संक्रमणमुक्त मरीजों की संख्या बढ़कर एक करोड़ छह लाख से ज्यादा हो चुकी है।इपिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के 12,881 नए संक्रमित मिले हैं। इस तरह देश में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1,09,50,201 हो गई है। बुधवार को 101 लोगों ने संक्रमण के चलते अपनी जान गंवाई है। इसके बाद कोरोना मृतकों की संख्या बढ़कर 1,56,014 हो गई है।
इसी तरह देश में कोरोना के सक्रिय मामलों की कुल संख्या अब 1,37,342 है। अस्पताल से कुल डिस्चार्ज हुए मामलों की संख्या 1,06,56,845 है।