
नई दिल्ली: देशभर में मासूमों के साथ गैंगरेप की बढ़ रही घटनाओं के खिलाफ अनशन पर बैठी दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने आज अपना अनशन खत्म कर दिया। मालीवाल 10 दिन से भूख हड़ताल पर बैठी थी। भूख हड़ताल खत्म करने के बाद स्वाति मालीवाल ने कहा कि मासूमों से रेप के खिलाफ आगे भी लड़ाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि स्वतंत्र भारत में अबतक की ये सबसे बड़ी जीत है।
मालीवाल ने पीएम मोदी का आभार जताया
इससे पहले मासूमों से रेप के दोषी को फांसी देने वाले प्रस्ताव पर मुहर लगने के बाद शनिवार की शाम स्वाति मालीवान ने अनशन खत्म करने का ऐलान किया था। उन्होंने कहा था कि सरकार की ओर से सारी मांगे मान लेने के बाद अनशन समाप्त करने का फैसला किया है। इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी और केंद्र सरकार की पूरी कैबिनेट का आभार जताया। स्वाति मालीवाल ने कहा कि मैं पीएम की आभारी हूं कि उन्होंने अपनी इस जिद्दी बेटी की बात मान ली है।"उन्होंने कहा है कि अगर तीन महीने में केंद्र सरकार अपना वादा नहीं पूरा करती या स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ तो वह इससे कड़े अनशन पर बैठ जाएंगी।
मासूमों से रेप के दोषियों को मिलेगी मौत की सजा
गौरतलब है कि शनिवार केंद्रीय कैबिनेट ने 12 साल से कम उम्र की बच्चियों के साथ रेप की घटनाओं पर रोकथाम करने के लिए मृत्युदंड देने वाले अध्यादेश को मंजूरी दी है।
सीएम केजरीवाल ने अनशन तोड़ने की अपील की थी
बताते चले कि उन्नाव और कठुआ में मासूम के साथ दरिंदगी के बाद देशभर में आक्रोश था। देशभर में इसको लेकर विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया था। वहीं दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल राजघाट पर अनशन पर बैठ गई थी। पिछले 13 अप्रैल से स्वाति मालीवाल नाबालिग से रेप के दोषियों को सजा देने के लिए भूख हड़ताल कर रही थी। पिछले दिनों मुख्यमंत्री केजरीवाल ने स्वाति मालीवाल से अनशन खत्म करने की अपील की थी। लेकिन स्वाति मालीवाल ने सीएम को धन्यबाद करते हुए कहा था कि जबतक इस पर सख्त कानून नहीं बनेगा तबतक वह अनशन खत्म नहीं करेगी।