विविध भारत

दिल्ली के CM अरविंद केजरीवाल ने कहा, कोरोना से लड़ने के लिए हरसंभव कदम उठाएंगे

दिल्ली में पिछले 24 घंटे में 24,000 नए कोरोना केस दर्ज किए गए हैं। राज्य के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि हम बीमारी से लड़ने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे।
less than 1 minute read
• •
Updated: 17 Apr 2021, 5:48 PM IST
Arvind kejriwal
सीएम अरविंद केजरीवाल

नई दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि राज्य में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 24 हजार नए केस दर्ज किए गए हैं। राज्य में ऑक्सीजन तथा रेमेडिसिवर की कमी हो रही है। उन्होंने कोरोना की दूसरी लहर पर बोलते हुए कहा कि कोविड-19 से लड़ने के लिए राज्य सरकार प्रयास कर रही है। अगले दो से तीन दिनों में छह हजार नए बेड्स जोड़े जाएंगे। हम नहीं जानते कि कोरोना का पीक कब आएगा।

केजरीवाल ने आगे कहा कि केन्द्र सरकार ने गत वर्ष नवंबर में 4100 बेड्स दिए थे लेकिन इस बार केवल 1800 बेड्स दिए गए हैं। मैं डॉ. हर्षवर्धन से अपील करता हूं कि अस्पतालों में पचास फीसदी बेड्स कोविड पेशेंट्स के लिए रिजर्व रखे जाएं।

उन्होंने कहा कि हम अगले कुछ दिनों तक स्थिति पर नजर रखेंगे, यदि परिस्थितियां ज्यादा बिगड़ेंगी तो हम आपका जीवन बचाने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि राज्य में ICU बेड्स की सीमित संख्या है। ऑक्सीजन और उपलब्ध ICU बेड्स दोनों की संख्या घटती जा रही है। हम इनकी क्षमता को बढ़ाने के लिए कई कदम उठाने जा रहे हैं।

कोरोना जांच पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हमें शिकायतें मिल रही हैं कि कोरोना की जांच में लैब्स दो से तीन दिन का समय ले रही है। इसका कारण यही है कि लैब्स अपनी क्षमता से ज्यादा सैंपल्स एकत्रित कर रही हैं। यदि कोई लैब टेस्ट करने के बाद अगले 24 घंटे में कोरोना रिपोर्ट उपलब्ध नहीं करवाती है तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Published on: