
नई दिल्ली : देश की राजधानी में बारिश के कारण कई इलाके जलभराव की समस्या से जूझने लगे हैं। इस पर स्वत: संज्ञान लेते हुए दिल्ली हाईकोर्ट ने जलजमाव की समस्या पर सिविक बॉडीज, दिल्ली जल बोर्ड, केंद्रीय शहरी विकास मंत्रालय को नोटिस जारी किया है। इसके अलावा उच्च न्यायलय ने दिल्ली के मुख्य सचिव को इस मुद्दे पर बैठक आयोजित करने और जरूरी कदम उठाने का निर्देश दिया है और 10 दिनों के भीतर स्टेट्स रिपोर्ट भी जमा करने के निर्देश दिए हैं।
जलभराव में बस फंसी
बता दें कि सोमवार को दिल्ली के कई इलाकों में जोरदार बारिश हुई। इससे लोगों को गर्मी से राहत तो जरूर मिली, लेकिन बारिश के चलते कई इलाकों में जलजमाव देखने को मिला। इस वजह से कई जगहों पर ट्रैफिक जाम हो गया तो मिंटो ब्रिज के नीचे पानी भरने के कारण उसमें एक बस बुरी तरह फंस गई। हालांकि, बाद में बस में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया। लेकिन ऐसा और कोई बड़ा हादसा नहीं होगा, इससे इनकार भी नहीं किया जा सकता है।
मंगलवार को भी होगी भारी वर्षा
दिल्ली-एनसीआर व पश्चिमी उत्तर प्रदेश के क्षेत्र में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली-एनसीआर के इलाके में कल मंगलवार को भी जोरदार बारिश होगी। इसके अलावा शुक्रवार तक दिल्ली में धूप के साथ बारिश भी होती रहेगी। लेकिन इससे निबटने के लिए दिल्ली तैयार नहीं दिख रही है।
कई जगह रोड पर जमा हुआ पानी
दिल्ली-एनसीआर में पिछले दो-तीन दिनों से मौसम थोड़ा खुशगवार है। इसकी वजह यह है कि दिल्ली में बादल छाए हुए हैं और अधिकतम तथा न्यूनतम तापमान में कमी आई है। हालांकि आज सुबह भी बारिश से पहले तक दिल्ली का मौसम काफी उमस भरा बना हुआ था। लेकिन सोमवार की बारिश ने दिल्लीवासियों को राहत देने के बजाय उनकी परेशानी बढ़ा दी है। वहीं कई इलाकों के लोगों को जलभराव और ट्रैफिक की समस्या का भी सामना करना पड़ रहा है। जलभराव के चलते शहर के कई इलाकों में लंबा ट्रैफिक जाम लगा हुआ है। जखीरा और मिंटो रोड पर जलभराव के कारण गाड़ियों को आवाजाही में काफी परेशानी उठानी पड़ी। इसकी वजह से मिंटो ब्रिज के नीचे यात्रियों से भरी एक बस बुरी तरह फंस गई। किसी तरह उसमें से यात्रियों को निकाला गया। इसके अलावा लाला लाजपत राय मार्ग पर भी पानी आ गया है। इससे रोजमर्रा यात्री बुरी तरह परेशान है। उन्हें दफ्तर से घर जाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।