विविध भारत

करणी सेना के बाद अब मंत्री और पूर्व मंत्री भी पद्मावत के विरोध में उतरे

करणी सेना के बाद अब मंत्री और पूर्व मंत्री भी संजय लीला भंसाली की विवादित फिल्म पद्मावत के विरोध में उतर आए हैं।
2 min read
• •
Updated: 25 Jan 2018, 11:48 AM IST
Padmavat

नई दिल्ली: एक ओर जहां करणी सेना संजय लीला भंसाली की फिल्म पद्मावत को लेकर देश में जंग का माहौल बना रही है, तो दूसरी ओर राजनीतिक दलों ने भी सियासी रोटी सेंकनी शुरु कर दी है। फिल्म पद्मावत के विरोध में केंद्रीय मंत्री जनरल वीके सिंह और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह भी खुलकर सामने आ गए हैं।

अभिव्यक्ति की आजादी इतिहास से तोड़फोड़ नहीं कर सकता
जनरल वीके सिंह ने कहा कि जब चीजें सहमति से नहीं होती है तो वहां गड़बड़ी होती है। उन्होंने कहा ‘अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता इतिहास को तोडफ़ोड़ करने की इजाजत नहीं देती है। जो विरोध कर रहे हैं उनके साथ बैठकर इसको सुलझाया जाए। जब चीजें सहमति से नहीं होती हैं तो फिर उसमें गड़बड़ होती है।

धर्म को ठेस पहुंचाने वाली फिल्म नहीं बननी चाहिए
कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने भी फिल्म का यह कहते हुए विरोध किया है कि तथ्यों से परे इतिहास को नहीं दिखाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा ‘किसी भी धर्म और जाति तथा ऐतिहासिक तथ्य से हटकर फिल्में नहीं बननी चाहिए। अगर इससे किसी जाति या धर्म को ठेस पहुंचती है तो वैसी फिल्में नहीं बननी चाहिए।'

राहुल ने बीजेपी को घेरा
वहीं दूसरी ओर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने फिल्म 'पद्मावत' की रिलीज को लेकर करणी सेना के समर्थकों द्वारा हरियाणा के गुरुग्राम में एक स्कूली बस पर हमला करने के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधा। राहुल ने भाजपा पर हिंसा और घृणा की राजनीति करने का आरोप लगाया। राहुल ने बुधवार को संजय लीला भंसाली की फिल्म के खिलाफ हो रहे प्रदर्शनों में गुरुग्राम की बस पर करणी सेना के समर्थकों द्वारा हमला करने का वीडियो वायरल होने के कुछ घंटों बाद ट्वीट कर कहा, "बच्चों के खिलाफ हिंसा को जायज ठहराने के लिए कोई भी कारण नहीं हो सकता। हिंसा और नफरता कमजोर लोगों के हथियार हैं। भाजपा नफरत और हिंसा की राजनीति कर पूरे देश आग में लगा रही है।"

सुप्रीम कोर्ट ने फिल्म को दिखाई हरी झंडी
गौरतलब है कि करणी सेना के भारी विरोध प्रदर्शनों के बीच आज संजय लीला भंसाली की चर्चित फिल्म पद्मावत सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। इस फिल्म को पिछले साल दिसंबर में रिलीज होनी थी, लेकिन करणी सेना के भारी विरोध और सेंसर बोर्ड द्वारा सर्टिफिकेट देने में देरी के कारण इसकी रिलीज बढ़ा दी गई थी। बाद में सेंसर बोर्ड की सलाह पर इस फिल्म का नाम पद्मावती से बदलकर पद्मावत कर दिया गया था।

Published on: