
नई दिल्ली। लॉकडाउन (Lockdown 4.0) के चलते पिछले दो महीने से घरेलू उड़ान (Domestic Flights Service) सेवाएं बंद थी। आज से दोबारा इन्हें बहाल किया गया है। आज से आंध्र प्रदेश और पश्चिम बंगाल (West Bengal) को छोड़कर पूरे देश में उड़ानों का संचालन शुरू हो गया है। दिल्ली से भुवनेश्वर के लिए पहली फ्लाइट सुबह 6 बजकर 50 मिनट पर रवाना हुई। फ्लाइट में बैठने से पहले यात्रियों की थर्मल स्क्रीनिंग हुई। वहीं फ्लाइट अटेडेंट पीपीई किट पहने दिखाई दिए।
यात्रियों की सुरक्षा का रखा गया ख्याल
कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए सभी यात्रियों को एयरलाइन की तरफ से फेस कवर मास्क दिए गए। दिल्ली हवाई अड्डे के संचालक डायल ने भी बताया कि यात्रियों के लिए विभिन्न स्थानों पर स्वचालित हैंड सैनिटाइजर, फ्लोर मार्कर, प्रवेश और चेक-इन की जगह उचित सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं।
रात 2 बजे से ही दिखी चहल-कदमी
60 दिन बाद हवाई यात्रा शुरू होने पर यात्री उत्साहित नजर आए। बताया जाता है कि सुबह करीब साढ़े चार बजे पहली फ्लाइट होने की वजह से पैसेंजर्स रात 2 बजे से ही एयरपोर्ट पर पहुंचने लगे थे। हालांकि बाद में कुछ कारणों से फ्लाइट ने साढ़े छह बजे के बाद उड़ान भरी।
एयरपोर्ट पर फूड काउंटर और शोरूम भी खुले
घरेलू विमान सेवा शुरू होते ही एयरपोर्ट पर रौनक लौट आई है। तभी आईजीआई एयरपोर्ट पर फूड आउटलेट और कपड़ों के शोरूम भी खुले दिखे। फ्लाइट अटेंडेंट भी ड्यूटी पर टाइम से पहुंचे। फ्लाइट अटेंडेंट्स की सुरक्षा के लिए उन्हें पीपीई किट दिए गए हैं।
कुछ फ्लाइट्स हुईं कैंसल
IGI एयरपोर्ट पर आज करीब 380 विमानों का संचालन होना है। हालांकि लाइव स्टेटस में कई फ्लाइट कैंसल दिखा रही है।
5.25 पर शेड्यूल मुंबई जाने वाली इंडिगो फ्लाइट 6E 5335
5.30 दिल्ली से इंदौर जाने वाली एयर एशिया फ्लाइट I5 752
5.40 पर मुंबई के लिए शेड्यूल एयर एशिया फ्लाइट I5 314
5.55 पर चेन्नै जाने वाली एयर इंडिया फ्लाइट AI 439
7.20 पर कोलकाता जाने वाली विस्तारा UK 897
तूफान की वजह से दो राज्यों में आज से नहीं शुरू हुईं फ्लाइट्स
पश्चिम बंगाल में अम्फान तूफान के चलते करीब 1 लाख लोग प्रभावित हुए। इसी के चलते पश्चिम बंगाल में हवाई सेवाएं 28 मई से शुरू होंगी। बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि 8 मई तक इंफ्रास्ट्रक्चर सही हो जाएगी, जिसके बाद फिर से हवाई सेवाएं शुरू हो सकेंगी। वहीं आंध्र प्रदेश में 26 मई से हवाई सेवाएं शुरू होंगी।