महाराष्ट्र के मुंबई में भूकंप ( Earthquake in Mumbai ) से लोगों में दहशत का माहौल। मुंबई में शनिवार की सुबह 1 बार तो नासिक में बीती रात 2 बार भूकंप के झटके महसूस किए गए। नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी के मुताबिक अभी तक जान माल के नुकसान की सूचना नहीं है।
नई दिल्ली। एक तरफ महाराष्ट्र में कोरोना वायरस महामारी का कहर बदस्तूर जारी है तो दूसरी तरफ बीती रात से लेकर शनिवार सुबह तक महाराष्ट्र में 3 बार धरती हिलने से लोगों में खौफ का माहौल है। मुंबई और नासिक सहित आसपास के क्षेत्रों में भूंकंप के इन झटकों से जान माल के नुकसान की अभी तक कोई सूचना नहीं है।
मुंबई और नासिक में कांपी धरती
बता दें कि 7 घंटे के अंदर महाराष्ट्र में 3 बार लोगों को भूकंप के झटके लगे। शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात सबसे पहले नासिक में लगभग 12 बजे 2 बार भूकंप के झटकों को लोगों ने महसूस किया। इसके बाद शनिवार सुबह के समय मुंबई में भी एक बार भूकंप आया।
मुंबई 98 किलोमीटर की दूरी पर शनिवार की सुबह 6.36 बजे भूकंप का झटका महसूस किया गया। मुंबई में भूंकप ( Earthquake in Mumbai ) ) की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 2.7 मापी गई। जबकि बीती रात नासिक में भूकंप की तीव्रता इससे अधिक रही। बीती रात पहली बार करीब 11.41 पर नासिक में भूकंप का झटका महसूस किया गया। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 4 आंकी गई।
इसके कुछ देर बाद 12.05 पर 3.6 तीव्रता के भूकंप ने नासिक के लोगों को डरा दिया। लोग भूकंप के डर से घर से बाहर निकल गए। इस दौरान लोगों में भूकंप का दहशत साफ देखा गया।
खौफ के साए में लोग
नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी से मिली जानकारी के मुताबिक महाराष्ट्र के नासिक और मुंबई में भूकंप के 3 झटकों को लेकर अभी तक जन-धन के नुकसान की सूचना नहीं है। हालांकि कुछ घंटों के अंदर 3 बार भूकंप आने से लोग डरे हुए हैं।
शुक्रवार को भी आया था भूकंप
महाराष्ट्र में एक दिन पहले यानि शुक्रवार को भी मुंबई में भूंकप ( Earthquake in Mumbai ) आया था। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के मुताबिक मुंबई में शुक्रवार सुबह 10 बजकर 33 मिनट पर भूकंप आया था। रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 2.8 मापी गई थी। शुक्रवार को भूकंप का केंद्र मुंबई से 91 किलोमीटर उत्तर में 10 किलोमीटर की गहराई में था।
बता दें कि अगस्त माह में भी महाराष्ट्र के पालघर में भूकंप के आंशिक झटके महसूस किए गए थे। पालघर में भूकंप की तीव्रता 2.8 मापी गई थी।