विविध भारत

छेड़छाड़ करने पर लॉक हो जाएगी नई वोटिंग मशीन, आयोग की फूलप्रुफ तैयारी

चुनाव आयोग नए सॉफ्टवेयर से लैस मशीन लाने की तैयारी में है। खास बात यह है कि छेड़छाड़ की कोशिश करते ही ये मशीनें लॉक हो जाएंगी।
2 min read
• •
Updated: 8 Oct 2018, 10:02 AM IST
EVM
छेड़छाड़ करने पर लॉक हो जाएगी नई वोटिंग मशीन, आयोग की फूलप्रुफ तैयारी

नई दिल्ली। पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है। आयोग ने पांचों राज्यों में चुनाव तारीखों का ऐलान कर दिया है। इसी के साथ शुरू हो गई है मतदान की तैयारियां। पिछले कई चुनावों में विरोधी दलों ने परिणाम के बाद इवीएम में गड़बड़ी को लेकर कई सवाल उठए। इवीएम पर उठ रहे ऐसे ही सवालों का जवाब आयोग ने तैयार कर लिया है। इवीएम की विश्वसनीयता के संकट से निपटने के लिए चुनाव आयोग नए सॉफ्टवेयर से लैस मशीन लाने की तैयारी में है। खास बात यह है कि छेड़छाड़ की कोशिश करते ही ये मशीनें लॉक हो जाएंगी।

आगामी विधानसभा चुनाव के दौरान इनका परीक्षण किया जाएगा। पांचों राज्यों में एक-एक जिले की सीट पर इन्हें लगाया जाएगा। परीक्षण सफल रहा तो 2019 के चुनावों में इनका ही इस्तेमाल होगा। यानी पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव के जरिये 2019 में होने वाले लोकसभा चुनाव पर आयोग का पैनी नजर है।

इन शहरों में होगा परीक्षण
राजस्थान में अजमेर, छत्तीसगढ़ में दुर्ग, मध्यप्रदेश में इंदौर, मिजोरम में आइजोल और तेलंगाना में महबूबनगर जिले में इनका परीक्षण किया जाएगा।

आंकड़ों पर एक नजर
आगामी लोकसभा चुनाव में तकरीबन 22.3 लाख बैलट यूनिट, 16.3 लाख कन्ट्रोल यूनिट और लगभग 17.3 लाख वीवीपैट मशीनों की आवश्यकता पड़ेगी। चुनाव आयोग के मुताबिक पांचों राज्यों में वीवीपैट के साथ चुनाव कराए जाएंगे। इसके लिए जिला स्तर पर अधिकारियों व कर्मचारियों का वीवीपैट उपयोग का प्रशिक्षण दिया जा चुका है।

आपको बता दें इससे पहले 7 राज्यों- गोवा, हिमाचल प्रदेश, गुजरात, मेघालय, नागालैंड, त्रिपुरा और कर्नाटक के विधानसभा चुनावों में शत प्रतिशत सीटों एवं शत-प्रतिशत मतदान केन्द्रों में वीवीपैट का प्रयोग किया गया था। ईवीएम और वीवीपैट का विनिर्माण सार्वजनिक क्षेत्र के दो उपक्रमों भारतीय इलेक्ट्रॉनिक्स निगम लिमिटेड और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड की ओर से एक तकनीकी विशेषज्ञ समिति के तहत और चुनाव आयोग की निगरानी में किया जाता है। इस प्रकार से ये मशीनें किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की आशंका से मुक्त हैं।

Published on: