फानी तूफान में घर खोने वालों को सरकार मुहैया कराएगी स्‍थायी आवास सबसे ज्‍यादा पुरी जिले में 39 लोगों ने गंवाई जान अभी तक ओडिशा सरकार ने की थी 43 लोगों के मरने की पुष्टि
नई दिल्ली। ओडिशा में 10 दिन पहले फानी तूफान ने भारी तबाही मचाई थी। रविवार को राज्य सरकार ने फानी तूफान से मरने वालों लोगों की नई सूची जारी की है। प्रदेश सरकार ने फानी तूफान से 21 और मौतों की पुष्टि की है। सरकार की ओर से इन मौतों की पुष्टि के बाद तूफान से मरने वालों की संख्या बढ़कर 64 हो गई है। जानकारी के मुताबिक फानी तूफान की वजह से जो लोग बेघर हो गए हैं उन्हें ओडिशा सरकार घर मुहैया कराएगी। प्रभावित लोगों के बीच राहत राशि एक जून से वितरित होने की संभावना है।
फानी से पुरी में सबसे ज्यादा मौतें
सरकार की ओर से जारी नवीनतम आंकड़ों के मुताबिक ओडिशा में मरने वालों की संख्या 64 हो गई है। जानकारी के मुताबिक पुरी में 39, केंद्रपाड़ा में 3, मयूरभंज में 4, जाजपुर में 3, कटक में 6, खुर्धा में 9 लोगों का नाम मरने वालों के की सूची में शामिल हैं। फानी तूफान की वजह से ओडिशा के 14 जिलों में 1.64 करोड़ लोग प्रभावित हुए हैं। विशेष राहत आयुक्त की रिपोर्ट में बताया गया है कि ओडिशा के पुरी में केवल मरने वालों की संख्या 39 हो गई है।
स्थायी मकान मुहैया कराएगी सरकार
ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने घोषणा की है कि जिन परिवारों के मकान तूफान के कारण पूरी तरह या पर्याप्त रूप से क्षतिग्रस्त हो गए हैं उनके लिए स्थायी मकानों की मंजूरी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि मकानों के नुकसान के आकलन का काम 15 मई से शुरू होगा और एक सप्ताह के अंदर पूरा हो जाएगा।
बता दें कि 1999 में इसी तरह के भयंकर चक्रवाती तूफान में करीब-करीब 10,000 लोगों की मौत हो गई थी।