
नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने शुक्रवार को जहां एक ओर अंतरिम बजट के दौरान किसानों के लिए कई घोषणाएं की वहीं दूसरी ओर एक मामले को लेकर ग्रेटर नोएडा के किसानों में काफी आक्रोश देखने को मिला। दरअसल ग्रेटर नोएडा के मंडोल गांव के किसानों ने आरोप लगाया है कि बिल्डरों ने उनकी जमीन को हडप ली है। इससे वे काफी परेशान हैं। इससे नाराज किसान प्रधानमंत्री आवास का घेराव करने के लिए जा रहे थे। इसी बीच जब किसान डीएनडी पर पहुंचे तो पुलिस-प्रशासन ने सभी को रोक दिया। इसके कारण डीएनडी पर काफी लंबा जाम लग गया। किसानों की इस रैली में काफी संख्या में महिलाओं ने भी भाग लिया।
हजारों की संख्या में मौजूद हैं किसान
आपको बता दें कि इस रैली में हजारों की संख्या में किसान मौजूद हैं। इस विरोध प्रदर्शन में भाग लेने के लिए जेवर व अन्य गांवों से किसान नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे होते हुए ट्रैक्टर-ट्रॉली और अन्य वाहनों में भरकर दिल्ली के लिए रवाना हो चुके हैं। किसानों का दावा है कि हजारों की संख्या में वह अपनी समस्याओं को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने जा रहे हैं। बताया जा रहा है भारी संख्या में किसान नेता मनवीर तेवतिया के नेतृत्व में एकजुट होकर दिल्ली के लिए कूच कर रहे हैं। किसानों का आरोप है कि आयकर विभाग की ओर से सैकड़ों किसानों को नोटिस जारी कर दिए गए हैं। इसके साथ ही उनकी जमीनों को बिल्डरों को दे दिया गया है। किसानों की मांग है कि उन्हें बिल्डरों की धोखाधड़ी से बचाया जाए व नोटिस को वापस लिया जाए। किसान इन्हीं मांगों को लेकर प्रधानमंत्री मोदी से मिलने जा रहे हैं।
Read the Latest India news hindi on Patrika.com. पढ़ें सबसे पहले India news पत्रिका डॉट कॉम पर.