
नई दिल्ली। कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों के आंदोलन का आज 17वां दिन है। दिल्ली बॉर्डर पर आंदोलन पहले की तरह जारी है और किसान तीनों कानूनों की वापसी की जिद पर अड़े हुए हैं। इसके अलावा किसानों ने आज दिल्ली-जयपुर और दिल्ली-आगरा हाइवे को जाम करने का ऐलान किया है। आज सुबह किसानों ने फरीदाबाद हाइवे को जाम करने की कोशिश की थी।
भारी संख्या में पुलिस बल तैनात
वहीं हरियाणा के करनाल में आंदोलनरत किसानों ने टोल प्लाजा फ्री कर दिया है। अंबाला में भी किसानों द्वारा शंभु टोल प्लाजा को फ्री करने के बाद पुलिस ने ट्रैफिक को खोल दिया है। ऐसा किसानों के विरोध को देखते हुए किया गया है। विरोध प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली, फरीदाबाद और गुरुग्राम पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी है। किसानों के आंदोलन को देखते हुए भारी संख्या में पुलिसकर्मियों व अर्द्धसैनिक बलों को तैनात किया गया है। फरीदाबाद में 3500 किसानों को सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात किया गया है।