
नई दिल्ली। मंगलवार तड़के प्रधानमंत्री कार्यालय में अचानक आग लग गई। यह आग पीएमओ के कमरा संख्या 242 में लगी। घटना सुबह 3.30 बजे के आसपास की है। आग लगने के कारण कमरे के एसी में हुई स्पार्किंग बताया जा रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही सरकारी अमले में हड़कंप मच गया। दमकल विभाग के एक अफसर के अनुसार आग कमरे में लगे एसी से शुरू हुई जिसके बाद कमरे व आसपास के जगह भर धुआं भर गया। तभी पीएमओ में पीएम की सुरक्षा में तैनात एसपीजी इंस्पेक्टर ने फायर ब्रिगेड़ को घटना की जानकारी दी। जानकारी लगते ही मौके पर पहुंची फायर सर्विस ने बामुश्किल आग पर काबू पाया। हालांकि इस आग में पीएमओ के किसी आधिकारिक दस्तावेजों में आग लगी है या नहीं ये जांच के बाद पता चलेगा।
इससे पहले भी हो चुकी है घटना
जानकारी के मुताबिक प्रधानमंत्री कार्यालय में लगी आग से अभी किसी तरह के नुकसान की जानकारी सामने नहीं आई है। वहीं दिल्ली पुलिस ने मौके पर पहुंच मामले की जांच करनी शुरू कर दी है। आपको बता दें कि इससे पहले 20 मार्च 2016 को साउथ ब्लॉक के कमरे में आग लगी थी। इस घटना में भी कोई बड़ा नुकसान होने की जानकारी सामने नहीं आई थी। साउथ ब्लॉक के परिसर में प्रधानमंत्री कार्यालय, रक्षा और विदेश मंत्रालय जैसे अहम विभागों के कार्यालय हैं। दमकल विभाग के मुताबिक उस समय आग शाम करीब छह बजे लगी थी, जिसको विभाग के प्रयास के बाद काबू में कर लिया गया था। यह आग साउथ ब्लॉक के गेट नंबर-8 के पास उपरी भूतल में बने कमरा नंबर-31 में लगी थी। आग अधिक न भड़कने के कारण दमकल विभाग के कर्मचारियों को आग पर काबू पाने में आधे घंटे का समय लगा था।
जब संयुक्त सचिव कार्यालय में लग गई थी आग
यही नहीं इससे पहले 29 अप्रैल 2014 को पीएमओ में ही तैनात एक ज्वाइंट सेक्रेटरी के आॅफिस में भी आग लगी थी। उस समय आग बुरी तरह से भड़क चुकी थी। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची दमकल विभाग की गाड़ियों ने कड़ी मेहनत के बाद करीब सवा घंटे में किसी तरह आग पर काबू पाया। इस घटना में काफी नुकसान होने की जानकारी सामने आई थी, जिसमें कंप्यूटर, यूपीएस, फर्नीचर समेत महत्वपूर्ण दस्तावेज जलकर खाक हो गए थे।