विविध भारत

100 मिनट में दिल्ली से आगरा पहुंची गतिमान एक्सप्रेस

विमान की तरह गतिमान में ट्रेन होस्टेस और कैटरिंग सर्विस भी एयरलाइंस की तरह, सिर्फ शुक्रवार को नहीं चलेगी ट्रेन

2 min read
Apr 05, 2016
Gatimaan Express
नई दिल्ली। रेल मंत्री सुरेश प्रभु मंगलवार को देश की सबसे तेज रफ्तार वाली ट्रेन कही जाने वाली गतिमान एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई। इस ट्रेन ने हजरत निजामुद्दीन से आगरा कैंट रेलवे स्टेशन की दूरी 100 मिनट में पूरी की। इस ट्रेन में प्लेन की तरह होस्टेस मौजूद थी।

विमान जैसी सुविधाएं
रेल मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक हम विमान की तरह अच्छी सेवा देने का प्रयास कर रहे हैं। विमान की तरह गतिमान में ट्रेन होस्टेस होंगी और इसमें कैटरिंग सर्विस भी एयरलाइंस की तरह होगी। गतिमान एक्‍सप्रेस शुक्रवार को छोड़कर सप्ताह में 6 दिन चलेगी। ऐसा इसलिए, क्योंकि शुक्रवार को ताजमहल बंद रहता है। गतिमान एक्‍सप्रेस (12050) हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन से सुबह 8.10 बजे चलेगी। यह आगरा कैंट स्‍टेशन पर सुबह 9.50 बजे पहुंचेगी। इस दौरान कहीं भी यह ट्रेन नहीं रुकेगी। ट्रेन (12049 नंबर) शाम 5.50 बजे आगरा कैंट से रवाना होकर शाम 7.30 बजे हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्‍टेशन पहुंचेगी।

100 मिनट में दिल्ली से आगरा
गतिमान एक्सप्रेस दिल्ली से आगरा 100 मिनट में पहुंचेगी। इसमें 5400 एचपी इेलेक्ट्रिक लोकोमोटिव के साथ 12 कोच होंगे। इस समय की सबसे तेज ट्रेन शताब्दी एक्सप्रेस आगरा से दिल्ली की 200 किमी की दूरी तय करने में 120 मिनट का समय लेती है।

नौ और रूट पर चलाने की योजना
रेलवे की 9 और रूट पर गतिमान एक्सप्रेस की चलाने की योजना है। इन रूटों में कानपुर-दिल्ली, चंडीगढ़-दिल्ली, हैदराबाद-चेन्नई, नागपुर-बिलासपुर, गोवा-मुंबई और नागपुर-सिकंदराबाद शामिल है।

हाईटेक सुविधाओं से लैस
गतिमान एक्सप्रेस में हाई-पावर इमरजेंसी ब्रेक, ऑटोमैटिक फायर अलार्म, जीपीएस आधारित पैसेंजर इंफॉर्मेशन सिस्टम और कोच में स्लाइडिंग दरवाजे जैसी सुविधाएं होंगी। इंफोटेनमेंट के लिए ट्रेन में लाइव टीवी सर्विस उपलब्ध कराई जाएगी।

शताब्दी से 25 फीसदी ज्यादा किराया
गतिमान एक्सप्रेस का किराया शताब्दी एक्सप्रेस से 25 फीसदी अधिक होगा। गतिमान एक्सप्रेस के चेयर कार एसी का किराया 690 रुपए होगा, जबकि एग्जीक्युटिव क्लास के लिए प्रति यात्री 1365 रुपए का खर्च आएगा। जबकि दिल्ली-आगरा शताब्दी की चेयर कार का किराया 540 रुपए और एग्जीक्युटिव क्लास का 1040 रुपए है।

भारतीय और महाद्वीपीय व्यंजन मिलेंगे
गतिमान एक्सप्रेस में भारतीय और महाद्वीपीय व्यंजन मिलेंगे। इसके मेन्यू में गेहूं का उपमा, मिनी डोसा, कांजीवरम इडली, फ्रेश फ्रूट्स, स्विस रोल के साथ आलू कुलचा, रोस्टेड ड्राई फ्रूट्स और चिकान रोल सर्व किया जाएगा। चिकेन सॉस के साथ स्पेनिश एग ऑमलेट और अखरोट स्लाइस केक बोन चाइना क्रॉकरी में सर्व किए जाएंगे।
Published on:
05 Apr 2016 01:01 pm
Also Read
View All