
पटना। बिहार में बाढ़ और जलजमाव से करीब 2.27 लाख से ज्यादा परिवार प्रभावित हुए हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को हर पीड़ित परिवार को छह-छह हजार रुपये का भुगतान किया। सीएम नीतीश कुमार ने कंप्यूटर पर माउस क्लिक करके इसकी शुरुआत की।
जानकारी के मुताबिक सितंबर के तीसरे सप्ताह में गंगा नदी के जलस्तर में बढ़ोतरी और चौथे सप्ताह में अतिवृष्टि के चलते प्रदेश के 15 जिलों में बाढ़ से 2 लाख 27 हजार 650 परिवार प्रभावित हुए। इन सभी परिवारों को सीएम ने प्रति परिवार 6000-6000 रुपये का भुगतान किया।
इस धनराशि को पब्लिक फाइनेंसियल मैनेजमेंट सिस्टम (पीएफएमएस) के जरिए सीधे लाभार्थियों के खाते में ट्रांसफर किया जा रहा है। इसकी सूचना हर व्यक्ति को उनके मोबाइल पर एसएमएस के जरिये मिल जाएगी।
शासन के एक अधिकारी ने बताया कि पहले चरण में राज्य के 15 बाढ़ग्रस्त जिलों के कुल 2 लाख 27 हजार 649 सत्यापित परिवारों के बीच कुल 136 करोड़ 58 लाख 94 हजार रुपये सहायता राशि ट्रांसफर की जा रही है। यह राशि 48 घंटे के अंदर उन्हें मिल जाएगी।
गौरतलब है कि अबतक बाढ़ग्रस्त 15 जिलों के 95 प्रखंडों के अंतर्गत 616 पंचायतों में लगभग 7 लाख 22 हजार परिवार बाढ़ से प्रभावित हुए हैं।
मुख्यमंत्री ने इस दौरान सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी प्रभावित परिवारों को दिवाली के पहले भुगतान कर दिया जाए। इसके साथ ही सूखे से प्रभावित लोगों को भी इससे पहले ही भुगतान कर दिया जाए।
सीएम ने यह भी कहा कि कुछ ऐसे भी परिवार हैं, जिनका अब तक बैंक खाता नहीं खुला है। इसलिए उनका भी खाता खुलवाएं और भुगतान सुनिश्चित करवाएं।