
देहरादून। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर के एक किशोर को हरियाणा पुलिस ने 250 किलोमीटर दूर जाकर उत्तराखंड के एक गांव जाकर गिरफ्तार किया है। इस किशोर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की फोटो के साथ छेड़छाड़ करने का आरोप है। जानकारी के मुताबिक मूल रूप से सहारनपुर के चिलकाना निवासी किशोर मोहम्मद शाकिब ने प्रधानमंत्री की फोटो से छेड़छाड़ कर उसे सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था। वह उत्तराखंड में काम करता था। हरियाणा पुलिस ने उत्तराखंड के विकासनगर में दबिश देकर आरोपी किशोर को हिरासत में लिया है। युवक को देहरादून के बाहरी हिस्से विकासनगर के आदूवाला से गिरफ्तार किया गया। शाकिब को फिलहाल आईटी एक्ट की धारा 67, 67 ए और आईपीसी की धारा 292 ए के तहत गिरफ्तार किया है। उसे अदालत में पेश कर 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
यह है मामला
कुछ दिन पहले सहारनपुर के किशोर ने प्रधानमंत्री मोदी की फोटो के साथ छेड़छाड़ कर उसे अश्लील बना दिया था। इसके बाद उसने यह फोटो व्हाट्सएप पर शेयर कर दिया। यह फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। इस मामले में हरियाणा के फतेहाबाद जिले के तोहाना थाने में आईटी एक्ट के तहत अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।
जांच में शक की सूई उत्तराखंड के किशोर पर
हरियाणा पुलिस को जांच के दौरान इस मामले में उत्तराखंड के विकासनगर में आरोपी के होने की सूचना मिली। इसके बाद 18 नवंबर को हरियाणा पुलिस ने विकासनगर के आदूवाला में स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर दबिश दी। बताया जाता है कि आरोपी किशोर विकासनगर में काम करता था। हरियाणा पुलिस को जानकारी मिली कि प्रधानमंत्री की फोटो से छेड़छाड़ करने वाले आरोपी इन दिनों विकासनगर क्षेत्र में है। इसके बाद हरियाणा पुलिस ने विकासनगर पुलिस से संपर्क किया और आरोपी को पकड़ा।
टेलरिंग का काम करता है किशोर
सहारनपुर का रहने वाला शाकिब आदूवाला में टेलरिंग का काम करता है। हरियाणा पुलिस के छह पुलिसकर्मी जब उसे गिरफ्तार करने पहुंचे उस वक्त वह कुछ कपड़ों को अंतिम रूप दे रहा था। पुलिसकर्मियों ने उससे पूछा कि उसने प्रधानमंत्री के फोटो से छेड़छाड़ क्यों की।