
मुंबई। महाराष्ट्र की राजधानी में मुंबई में बारिश होने से लोग परेशान हैं। लगातार हुई बारिश ने मुंबई की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिए हैं। मुंबई के कई इलाकों में पानी भर गया है। सड़कें जलमग्न हो गई हैं। लोगों का बाहर निकलना दूभर हो गया है। रविवार को भारी बारिश से मायानगरी के कई इलाकों में यातायात ठप पड़ गया। ट्रेन पर भी असर पड़ा है, कुछ इलाकों में बस सेवाएं भी बाधित हुई हैं। कई गाड़ियों के बंद होने से जाम की भी खबर है। बारिश के चलते तिलक नगर, कुर्ला, सायन, मुलुंड, घाटकोपर, चेंबूर, किंग सर्कल, रायगढ़, पालघर में सड़कों पर पानी भर गया। तिलक नगर में तो घरों में भी पानी भर गया है। कुर्ला में पटरियों पर पानी भरने से ट्रेन सेवा पर असर पड़ा है। हिंदमाता, भायखला और सायन में भी बुरा हाल बताया जा रहा है।
भायखला के पुलिस स्टेशन में भी पानी भर गया है। किंग सर्किल के पुलिस स्टेशन के सामने भी पानी भर गया है। जिसका असर यातायत पर पड़ता दिखाई दिया। वहीं कुछ जगह पानी भरे होने से बच्चों के खेलने की भी तस्वीरें सामने आई हैं।
भारी बारिश का अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने गोवा, महाराष्ट्र, आंध्र-तेलंगाना में पांच दिन भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। रेलवे ने इन इलाकों में भारी बारिश की आशंका के चलते कई ट्रेनों को रद्द कर दिया है। तेलंगाना के नलगोंडा, सूर्यापेट, खम्मम, भद्राद्रि कोठागुडेम, जयशंकर भूपलापल्ली, वारंगल ग्रामीण और शहर, महबूबाबाद में मूसलाधार बारिश की आशंका जाहिर की गई है। उधर, आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम, विजयनगरम, विशाखापट्टनम, पूर्वी गोदावरी, कृष्णा और गुंटूर में अगले 24 घंटों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं बिहार में भी पांच जिलों में बाढ़ के हालत हैं। नदियों में उफान के चलते बिहार के पांच जिलों- मुजफ्फरपुर, पूर्णिया, सुपौल, अररिया और सीतामढ़ी जिले बाढ़ की चपेट में हैं। गुजरात के तापी में भारी बारिश से सड़कों पर कई फुट पानी भर गया। आप को बता दें कि जापान में भारी बारिश का कहर जारी है। बारिश के कारण आई बाढ़ में अब तक 40 के करीब लोगों की मौत हो गई