
नई दिल्ली। पिछले कुछ दिनों से नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तान की ओर से लगातार सीजफायर का उल्लंघन जारी है। पाक सेना द्वारा भारतीय हितों के खिलाफ आतंकियों के इस्तेमाल की घटनाएं भी सामने आई हैं। खासकर नगरोटा में चार आतंकियों के मारे जाने और कई सबूत सामने आने बाद भारतीय विदेश मंत्रालय ने पाक उच्चायोग के अधिकारियों को आज तलब किया। पाक उच्चायोग के अधिकारियों के पहुंचने के बाद एमईए के अधिकारियों ने आतंकी हमले के प्रयास पर पाकिस्तान के खिलाफ कड़े रुख का इजहार किया।
इस बात की दी चेतावनी
भारत ने चेतावनी भरे लहजे में पाकिस्तान से साफ कर दिया है कि वो सीजफायर का उल्ल्ंघन और आतंकियों का इस्तेमाल भारत के खिलाफ करने से बाज आए। ऐसा न करने पर भारत जवाबी कार्रवाई कर सकता है। इतना ही नहीं विदेश मंत्रालय ने आतंकवादियों की भारत में घुसपैठ कराने और आतंकी समूहों को समर्थन देने की अपनी नीति से दूर रहने की पाकिस्तान को हिदायत दी है।