
नई दिल्ली। देश में एक तरफ कोरोना वॉरियर्स ( Corona Warriors ) पर हमले हो रहे हैं तो वहीं दूसरी तरफ इन योद्धाओं का सम्मान भी किया जा रहा है। इस बीच आर्म्ड फोर्सेस ने भी कोरोना वॉरियर्स के सम्मान की तैयारी की है। दरअसल, रविवार को देश के अलग-अलग हिस्सों में इंडियन आर्मी, इंडियन एयरफोर्स और इंडियन नेवी ने कोरोना के खिलाफ लड़ाई में अहम भूमिका निभाने वाले डॉक्टर्स का सम्मान करने की खास तैयारी की है। रविवार को इंडियन एयरफोर्स के एयरक्राफ्ट फ्लाइट पास्ट करेंगे तो वहीं आर्मी के बैंड परफॉर्म कर कोरोना वॉरियर्स को धन्यवाद कहेंगे। इंडियन एयरफोर्स फ्लाईपास्ट के दौरान अस्पतालों पर फूलों की बारिश करेंगे। ये फ्लाईपास्ट इंडियन एयरफोर्स के ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट और फाइटर जेट से श्रीनगर से तिरुवनंतपुरम और डिब्रूगढ़ से कच्छ तक होगा।
इन अस्पतालों के शेड्यूल में हुआ बदलाव
इस कार्यक्रम का पूरा शेड्यूल पहले से तय था, लेकिन इस बीच कुछ अस्पतालों पर होने वाली फूलों की बारिश का कार्यक्रम में बदलाव आया है। इनमें मुंबई और आंध्रप्रदेश के अस्पताल शामिल हैं। जानकारी के मुताबिक, 3 मई को महाराष्ट्र और आंध्रप्रदेश के अस्पतालों पर होने वाली फूलों की बारिश के समय में बदलाव किया गया है।
इन अस्पतालों में फूलों की बारिश के समय में हुआ बदलाव
- मुंबई के किंग एडवर्ड मेमोरियल अस्पताल और जेजे मेमोरियल अस्पताल, विशाखापट्टनम के किंग जॉर्ज अस्पताल में 10 बजे से 10:45 बजे तक फूलों की बारिश की जाएगी। इस दौरान इंडियन एयरफोर्स के Mi17 हेलीकॉप्टर से फ्लाईपास्ट करेंगे।
- सुबह 10:30 बजे मरीन ड्राइव पर इंडियन एयरफोर्स के Su30s लड़ाकू विमान से फ्लाईपास्ट किया जाएगा।
- 1:15 बजे मरीन ड्राइव में C130 परिवहन विमान फ्लाईपास्ट करेगा।
दिल्ली में सुखोई-मिग और जगुआर करेंगे फ्लाईपास्ट
इसके अलावा देश की राजधानी दिल्ली में रविवार सुबह 10 बजे एम्स, कैंट बोर्ड हॉस्पिटल, नरेला के हॉस्पिटल के बाहर, 10.30 बजे बेस हॉस्पिटल और 11 बजे गंगाराम हॉस्पिटल और आरएंडआर हॉस्पिटल के बाहर आर्मी बैंड परफॉर्म करेंगे। दिल्ली में भी लोग इंडियन एयरफोर्स के फाइटर जेट और ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट का फ्लाईपास्ट देख पाएंगे। यह सुबह 10 से 10.30 बजे के बीच होगा। एयरफोर्स की तरफ से सुखोई-मिग और जगुआर विमान फ्लाईपास्ट करेंगे।