
नई दिल्ली। अब भारतीय रेलवे अपने यात्रियों से वेटिंग रूम में इस्तेमाल करने पर चार्ज वसूलने की तैयारी में है। ये नियम एसी वेटिंग रूम के लिए लागू किया जाना है, जिसकी शुरुआत नई दिल्ली और निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन से की जाएगी। दरअसल इन दोनों स्टेशनों के वेटिंग रूम को पीपीपी मॉडल के अंतर्गत रेनोवेट किया जा रहा है।
अगले एक-दो महीने में शुरू हो जाएगा रेनोवेशन का काम
दिल्ली डिवीजन के इन दोनों स्टेशनों के कायाकल्प के लिए 4 कंपनियों ने प्रजेंटेशन भी दी है। इन्हीं में से सबसे बेहतर प्रस्ताव वाले को वेटिंग रूम का जिम्मा दिया जाना है। इसके साथ ही जल्द से जल्द टेंडर अलॉट करने की प्रक्रिया भी जारी है। कयास लगाए जा रहें हैं कि अगले एक-दो महीने के इन दोनों स्टेशनों के वेटिंग रूम के रेनोवेशन का काम शुरू कर दिया जाएगा।
पायलट प्रोजेक्ट
इसके साथ ही ये दोनों स्टेशन देश के पहले ऐसे स्टेशन बन जाएंगे जिनके वेंटिंग रूम कोई प्राइवेट कंपनी संभालेगी। यही नहीं ये एक पायलट प्रोजेक्ट भी है। इसके कामयाब होने के बाद देश के दूसरे रेलवे स्टेशनों पर भी इस तरह के परियोजनाएं लागू की जाएंगी।
इन सुविधाओं से लैस होंगे ये वेटिंग रूम
इस प्रोजेक्ट को लेकर रेलवे अधिकारियों का दावा है कि ये वेटिंग रूम में किसी प्राईवेट रेस्तरां जैसी सुविधाओं वाले होंगे। यहां यात्रियों की सहुलियत के हिसाब से मॉडर्न लुक वाले फर्नीचर लगाएं जाने है। साथ ही यहां महिलाओं के प्राइवेसी का भी पूरा ध्यान रखा जाएगा, जिसके तहत अलग से पार्टिशन और बेबी केयर रूम बनाए जाने की योजना है। मीडिया मेें छपी रिपोर्टों की माने तो यहां कैफेटेरिया भी बनाया जाएगा। इसके साथ ही साफ-सफाई का भी विशेष ध्यान रखा जाना है। कहा जा रहा है कि हर 30 मिनट में वेटिंग रूम और टॉयलेट की सफाई की जाएगी।
अभी तय नहीं है चार्ज
इस संबंध में एक अधिकारिक सूत्र के हवाले से रिपोर्टों में दावा किया जा रहा है कि अधिकारी ने पुष्टि की है कि वेटिंग रूम में समय बिताने के लिए यात्रियों से चार्ज लिया जाएगा। हालांकि अभी तक ये तय नहीं है कि कितना चार्ज लिया जाना है, लेकिन ये भी कहा जा रहा है कि चार्ज बहुत कम रखा जाएगा।